अतिक्रमण हटाने गई प्रशासन की टीम के सामने भड़की आग, देखते ही देखते राख हो गए कई आशियाने
बिहार के बगहा में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम के सामने अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. घरों से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते कई आशियाने जलकर राख हो गए. आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना रामनगर में त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच की है.
दरअसल, रामनगर में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान पिछले तीन दिनों से चल रहा था. कार्रवाई शुरू करने से पहले संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद अभियान के दौरान विरोध-प्रदर्शन की स्थिति बनी हुई थी.
यह भी पढ़ें: ऊपर अंडे के कैरेट, बीच में अंग्रेजी शराब! बिहार के बगहा में सामने आया तस्करों का खेल, बेतिया की तरफ जा रही थी खेप
इसी बीच जब प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची, तभी अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लपटें उठते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग घरों से सामान निकालने और खुद को आग से बचाने की कोशिश करते नजर आए.
घटना को लेकर रामनगर के अंचलाधिकारी वेद प्रकाश ने अतिक्रमणकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पिछले तीन दिनों से सरकारी जमीन खाली कराने की कार्रवाई चल रही थी. संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था.
सीओ के मुताबिक, प्रशासन की टीम को मौके पर देखकर अतिक्रमणकारियों ने कथित तौर पर आग लगा दी. उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी. इसके आधार पर उपद्रव करने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
आग लगने की घटना के बाद अब प्रशासन के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि घरों में आग कैसे लगी और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे. फिलहाल अधिकारी मौके से जुड़े वीडियो फुटेज खंगाल रहे हैं और घटना की जांच की जा रही है.
अतिक्रमण हटाने के अभियान के बीच कई घरों के जलने से इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आग लगाने की घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.


