कानपुर: दारोगा की शादीशुदा बेटी से मिलने पहुंचा ड्राइवर प्रेमी, कमरे में रंगेहाथ पकड़ा गया, फिर...
Kanpur News: उन्नाव के जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष के ड्राइवर शिव प्रताप सिंह की कानपुर के घाटमपुर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. फतेहपुर निवासी शिव प्रताप मंगलवार की रात अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके घर गए थे. प्रेमिका के देवर ने दोनों को एक कमरे में पकड़ लिया था, जिसके कुछ देर बाद युवक का शव फंदे पर लटका मिला. सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने प्रेमिका और उसके ससुराल वालों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.
मृतक शिव प्रताप सिंह उन्नाव में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह के यहां ड्राइवर थे. करीब एक साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के जरिए उनकी पहचान घाटमपुर की रहने वाली एक शादीशुदा महिला से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की यह जान-पहचान प्रेम संबंधों में बदल गई. मंगलवार की रात शिव प्रताप इसी सिलसिले में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचे थे, जहां यह पूरी घटना घटित हुई.
घटना के दिन प्रेमिका के देवर ने शिव प्रताप और महिला को एक कमरे में रंगे हाथ पकड़ लिया था. इसके बाद प्रेमी का शव उसी कमरे में फंदे पर लटका मिला. प्रेमिका का दावा है कि युवक ने खुद फांसी लगाई है, जबकि मृतक के परिजनों का कहना है कि दारोगा पिता और रेवेन्यू इंस्पेक्टर पति के परिवार ने मिलकर उनके बेटे की हत्या की है और शव को फंदे पर लटका दिया है.
एसीपी कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर प्रेमिका, उसके देवर, ससुर और देवरानियों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने महिला और उसके देवर को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ शुरू कर दी है. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों के पैनल को सौंपा गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

