प्रेम विवाह, घरेलू झगड़ा और फिर कत्ल... प्रयागराज में पत्नी ने पति को पत्थर से कूचकर मार डाला
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में घरेलू विवाद के बाद एक पत्नी ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी. यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का वीडियो अब सामने आया है. बताया जा रहा है कि पति ने विवाद के दौरान पत्नी को थप्पड़ मार दिया था. इससे गुस्साई महिला ने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से शख्स की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
दरअसल, यह सनसनीखेज घटना 9 नवंबर की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है. मृतक की पहचान 35 वर्षीय शेखर बंसल के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी का नाम 30 वर्षीय उर्मिला केवट है. जानकारी के मुताबिक, किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. इसी दौरान शेखर ने गुस्से में उर्मिला को थप्पड़ मार दिया.
इसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. गुस्से में उर्मिला ने पास में पड़े पत्थर से शेखर के सिर पर कई वार किए. हमले में गंभीर रूप से घायल शेखर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. अब इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
पुलिस के मुताबिक, शेखर बंसल ने उर्मिला केवट से प्रेम विवाह किया था. दोनों साथ रहते थे और उर्मिला अपने बेटे के साथ शेखर के घर में रह रही थी. शुरुआती जांच में पता चला है कि शेखर शराब पीने का आदी था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
बताया जा रहा है कि 9 नवंबर को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ था. विवाद के दौरान शेखर ने पत्नी को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद उर्मिला ने पत्थर से हमला कर दिया. पुलिस इस घटना के पीछे की परिस्थितियों और दोनों के बीच चल रहे घरेलू विवाद की भी जांच कर रही है.
घटना के बाद शंकरगढ़ थाने में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी महिला की तलाश की और 11 नवंबर को उर्मिला केवट को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उर्मिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
इस बीच घटना का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस इसे साक्ष्य के तौर पर विवेचना में शामिल कर रही है. जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के समय क्या परिस्थितियां थीं और विवाद किस तरह इतना बढ़ गया कि महिला ने अपने पति की जान ले ली.


