छठ पर दिल्ली सरकार का खास आयोजन, नमो यमुना रिवर सफारी में दिखा लाइट एंड साउंड शो

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को सोनिया विहार स्थित नमो यमुना रिवर सफारी में भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में मां यमुना और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथाओं और लीलाओं को रोशनी, संगीत और म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए प्रदर्शित किया गया. सरका...

दिल्ली सरकार ने छठ महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को सोनिया विहार स्थित नमो यमुना रिवर सफारी में भव्य लाइट एंड साउंड शो का आयोजन किया. इस कार्यक्रम में मां यमुना और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी पौराणिक कथाओं और लीलाओं को रोशनी, संगीत और म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए प्रदर्शित किया गया. सरकार की ओर से इसे यमुना रिवरफ्रंट को पर्यटन और सांस्कृतिक स्थल के रूप में बढ़ावा देने की कोशिश के तौर पर पेश किया गया.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज, सांसद मनोज तिवारी, विधायकों और अन्य गणमान्य लोगों के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया.

कार्यक्रम में सबसे पहले देवी यमुना और उनके भाई यम के जन्म की कथा दिखाई गई. इसके बाद देवी यमुना और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं को संगीत, रोशनी और म्यूजिकल फाउंटेन के जरिए प्रस्तुत किया गया. आयोजन के दौरान यमुना के किनारे रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को खास बना दिया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि छठ महापर्व की शुरुआत पर यमुना के किनारे आयोजित यह शो दिल्लीवासियों के लिए विशेष अनुभव है. उन्होंने कहा कि इससे लोगों को यमुना से जुड़ने, उसकी सांस्कृतिक विरासत को जानने और परिवार के साथ समय बिताने के नए अवसर मिलेंगे.

रेखा गुप्ता ने विपक्ष से छठ महापर्व को राजनीति से दूर रखने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि छठ आस्था और एकता का पर्व है और लोगों को राजनीतिक मतभेदों को अलग रखकर इसे मिलकर मनाना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार यमुना के संरक्षण और सफाई, उसके किनारों के विकास और दिल्लीवासियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक क्रूज, म्यूजिकल फाउंटेन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए यमुना को दिल्ली के पर्यटन, संस्कृति और सामाजिक जीवन से फिर जोड़ने की कोशिश की जा रही है.

नमो यमुना रिवर सफारी में सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब 4 किलोमीटर के हिस्से में इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा उपलब्ध है. केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को इस सेवा का उद्घाटन किया था. इलेक्ट्रिक क्रूज में 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. इसके जरिए लोग यमुना के प्राकृतिक वातावरण का अनुभव कर सकते हैं. सरकार की योजना फरवरी-मार्च 2027 तक एक और क्रूज शुरू करने की है, जिससे इस सेवा का विस्तार किया जा सके. रिवर सफारी परिसर में फ्लोटिंग जेट्टी, टिकट काउंटर, वेटिंग लाउंज, फूड कोर्ट, पार्किंग सुविधा, बच्चों के लिए प्ले एरिया और म्यूजिकल फाउंटेन भी मौजूद हैं.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यमुना की लहरों पर रोशनी के साथ सनातन संस्कृति का वैभव दिखाई दिया. उन्होंने बताया कि छठ के मौके पर आयोजित लाइट एंड साउंड शो में मां यमुना और भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं को प्रस्तुत किया गया.

रेखा गुप्ता ने कहा कि इलेक्ट्रिक रिवर क्रूज, म्यूजिकल फाउंटेन और रिवरफ्रंट के साथ नमो यमुना रिवर सफारी दिल्ली के पर्यटन में नया अध्याय जोड़ रही है. कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्राज सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे.

Original Source
https://www.aajtak.in/india/delhi/story/chhat-puja-light-and-sound-show-namo-yamuna-river-safari-cm-rekha-gupta-ntc-apdy-dskc-2695816-2026-11-13?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World