'राधे-राधे कमल खिला दे'... श्रीकृष्ण के जरिए अखिलेश को मथुरा की पिच पर लाने का बीजेपी प्लान
उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह से गरमा गया है. अयोध्या के बाद अब मथुरा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर सपा को घेरने का प्लान बीजेपी ने बनाया है. मथुरा में चले दो दिन के चिंतन शिविर में बीजेपी ने 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे के जरिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव को 'मथुरा' की सियासी पिच पर लाने का दांव चला है.
मिशन-2027 को लेकर बीजेपी ने मथुरा में आयोजित बैठक में रणनीति, संगठन को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं को नई सियासी दिशा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 'राधे-राधे कमल खिला दे' का उद्घोष किया, जिसके बाद बीजेपी के कई नेता इस नारे का जयकारा लगाते नजर आए.
बीजेपी का 'हिंदुत्व का एजेंडा' इस बार मथुरा से निकला है, क्योंकि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पहले ही दिन कह दिया था कि अब मथुरा की बारी है. श्रीकृष्ण जन्मभूमि के बहाने बीजेपी का अखिलेश यादव को सियासी कठघरे में खड़ा करने का भी प्लान है, क्योंकि यदुवंश के नाम पर अखिलेश यादव बीजेपी के हिंदुत्व की काट तलाशते रहे हैं. ऐसे में अब बीजेपी ने उसी पिच पर उतरते हुए 'राधे-राधे' नारा गढ़कर अखिलेश के वोटबैंक में सेंधमारी का प्लान बनाया है.
'राधे-राधे, कमल खिला दे'... बीजेपी का नया नारा
मथुरा के चिंतन शिविर में बीजेपी के 'राधे-राधे, कमल खिला दे' नारे का उद्घोष सिर्फ चुनावी अपील नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और राजनीतिक संदेश को एक साथ जोड़ने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में 'राधे-राधे' स्थानीय संस्कृति, भक्ति और जनभावनाओं से गहराई से जुड़ा हुआ है, जबकि 'कमल' बीजेपी का चुनाव चिह्न है.
इस नारे के जरिए पार्टी धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान को अपने राजनीतिक प्रतीक से जोड़कर मतदाताओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है. इसका मकसद ब्रज क्षेत्र की भावनात्मक और सांस्कृतिक चेतना के बीच बीजेपी के पक्ष में माहौल तैयार करना और चुनावी संदेश को स्थानीय जुड़ाव देना है. यानी 'राधे-राधे' के आस्था वाले संबोधन के साथ 'कमल खिला दे' की राजनीतिक अपील जोड़कर बीजेपी मथुरा में अपने समर्थन को और मजबूत करने का संदेश दे रही है.
क्या है बीजेपी की ब्रज और मथुरा पॉलिटिक्स?
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद अब बीजेपी ने मथुरा के एजेंडे को धार देने की रणनीति बनाई है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने साफ-साफ शब्दों में कहा कि अब मथुरा की बारी है. इस तरह बीजेपी सांस्कृतिक और हिंदुत्व के एजेंडे को आगे बढ़ाते हुए मथुरा-वृंदावन और पूरे ब्रज क्षेत्र के विकास पर खास ध्यान केंद्रित कर रही है.
बीजेपी राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने मथुरा बैठक का मुख्य संदेश बताया. चिंतन शिविर की बैठक के समापन के बाद बाहर निकले नेताओं के बयानों में पार्टी की आगामी राजनीतिक दिशा साफ झलकी. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अयोध्या हमारी हो गई है और अब मथुरा की बारी है. बीजेपी नेताओं के बयानों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से ब्रज क्षेत्र के धार्मिक पर्यटन और कॉरिडोर परियोजनाओं को प्रमुखता से उठाया जा रहा है.
बीजेपी श्रीकृष्ण के जरिए अखिलेश यादव को मथुरा की सियासी पिच पर लाने का प्लान बना रही है. बीजेपी सांसद प्रकाश पाल ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके सपने चूर-चूर होंगे और यदि वे वास्तव में कृष्ण भक्त हैं, तो मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण के लिए कारसेवक के रूप में आने की तैयारी करें.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी कहा था, 'अयोध्या की तरह मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनेगा और अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी है.' उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वे स्वयं को सच्चा श्रीकृष्ण भक्त मानते हैं, तो मथुरा आकर श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण और कारसेवा की बात करें. इस तरह से बीजेपी सपा को मथुरा के मुद्दे पर लाने का प्लान बना रही है. बीजेपी की इस रणनीति के पीछे दोहरे उद्देश्य देखे जा रहे हैं.
उत्तर प्रदेश में यादव समाज पारंपरिक रूप से भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानता है और यह वर्ग सपा का सबसे मजबूत आधार रहा है. विश्लेषकों का कहना है कि श्रीकृष्ण और मथुरा के मुद्दे को हवा देकर बीजेपी यादव मतदाताओं के बीच भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव बनाने की कोशिश कर रही है. ऐसे में सपा के कोर वोटबैंक में सेंधमारी का प्लान बनाया गया है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी की कोशिश है कि अखिलेश यादव मथुरा के मुद्दे पर खुलकर अपना रुख स्पष्ट करें. सपा इस मुद्दे पर आक्रामक होती है या दूरी बनाती है, तो बीजेपी इसे अपने पक्ष में भुनाने की कोशिश कर सकती है. बीजेपी का प्लान है कि सपा मथुरा के मुद्दे पर आती है तो उसका मुस्लिम वोटबैंक नाराज होगा और खुलकर बात नहीं करती है तो सपा का यादव वोटबैंक छिटक सकता है.
समाजवादी पार्टी की रणनीति है कि वह 2027 के चुनाव में बीजेपी के किसी भी भावनात्मक या ध्रुवीकरण वाले जाल में फंसने के मूड में नहीं है. अखिलेश यादव लगातार अपनी 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) रणनीति, बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर ही चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं.
हालांकि, अखिलेश यादव भी समय-समय पर धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे हैं. सैफई में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य प्रतिमा की स्थापना हो या मथुरा-वृंदावन के मंदिरों में दर्शन करना, सपा प्रमुख यह संदेश देने की कोशिश करते रहे हैं कि आस्था सबकी है, लेकिन राजनीति जनहित के मुद्दों पर होनी चाहिए. सपा प्रवक्ताओं का आरोप है कि बीजेपी बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक नारों का सहारा ले रही है.
यूपी की सियासत पर नजर रखने वाले विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में मथुरा और ब्रज क्षेत्र की राजनीति और तेज होगी. एक ओर जहां बीजेपी सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास के सहारे ब्रज की सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत रखने की कोशिश करेगी, वहीं दूसरी ओर सपा अपने जातीय समीकरणों और 'पीडीए' फॉर्मूले के दम पर बीजेपी की इस घेराबंदी को तोड़ने का प्रयास करेगी.
अब देखना दिलचस्प होगा कि 2027 की चुनावी जंग में मथुरा का यह सियासी दांव किस करवट बैठता है. बीजेपी की कोशिश मथुरा के बहाने सपा को हिंदुत्व की पिच पर लाने की है तो अखिलेश यादव की रणनीति यूपी चुनाव को पीडीए यानी कास्ट के इर्द-गिर्द रखने की है.

