आजम और अब्दुल्ला जेल से बाहर रहकर भी नहीं लड़ सकेंगे चुनाव, तंजीन फातिमा संभालेंगी सियासत

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा के कद्दावर नेता आजम खान और उनके परिवार का सियासी भविष्य एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. कानूनी लड़ाई के बीच आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ना आसान नहीं दिख रहा है. भले ही उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालतो...

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा के कद्दावर नेता आजम खान और उनके परिवार का सियासी भविष्य एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है. कानूनी लड़ाई के बीच आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ना आसान नहीं दिख रहा है. भले ही उन्हें अलग-अलग मामलों में अदालतों से राहत मिल रही हो, अब्दुल्ला आजम जेल से बाहर हैं और आजम खान भी जेल से बाहर आ सकते हैं, लेकिन दूसरे मामलों में हुई सजाओं के चलते उनकी चुनावी राह में कानूनी अड़चनें बरकरार हैं.

आजम परिवार के सियासी वारिस भले ही अब्दुल्ला आजम हैं, लेकिन चुनावी विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब आजम की पत्नी और पूर्व सांसद तंजीन फातिमा संभाल सकती हैं. इसके पीछे वजह यह है कि पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट से तंजीन फातिमा को बड़ी राहत मिली है, जिसके बाद उनके चुनाव लड़ने का रास्ता साफ हो गया है.

सपा के मुस्लिम चेहरा माने जाने वाले आजम खान की सियासत का केंद्र रामपुर रहा है. वह यहां से दस बार विधायक और एक बार लोकसभा सांसद चुने जा चुके हैं. उनके राजनीतिक प्रभाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लंबे समय तक रामपुर की सियासत में उनके इशारे के बिना कोई पत्ता नहीं हिलता था. कानूनी मुकदमों और जेल जाने के चलते परिवार की राजनीतिक सक्रियता प्रभावित हुई है. अब 2027 की चुनावी हलचल के बीच आजम खान की विरासत को लेकर सियासत गर्मा गई है.

उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा के दिग्गज नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जन्म प्रमाणपत्र मामले में सर्वोच्च अदालत से बड़ी राहत मिली है. 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी. अब इस फैसले से इस मामले में दोनों को मिली राहत बरकरार है. अब्दुल्ला आजम पहले ही जमानत पर बाहर आ गए थे, लेकिन आजम खान को ईडी ने हिरासत में ले लिया था, जिस पर हाईकोर्ट से आजम खान को जमानत मिल गई है.

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला को जमानत देते हुए उनकी सजा को निलंबित कर दिया. हालांकि, इन राहतों के बावजूद दोनों की चुनावी अयोग्यता खत्म नहीं हुई है. हाईकोर्ट ने केवल सजा निलंबित की है, लेकिन उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है.

आजम खान बुधवार को जेल से बाहर आ सकते हैं. हालांकि, आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला के खिलाफ दूसरे मामलों में हुई सजाएं उनके चुनाव लड़ने की राह में बाधा बनी हुई हैं. कोर्ट से मिली राहतों से आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम के जेल से बाहर रहकर चुनाव प्रचार करने की उम्मीदें तो जगी हैं, लेकिन कानूनी अड़चनों के चलते दोनों ही नेता 2027 का चुनाव नहीं लड़ सकेंगे.

दरअसल, जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 8(3) के अनुसार, दो साल या उससे अधिक की सजा पाने वाला व्यक्ति सजा पूरी होने होने के बाद अगले 6 साल तक चुनाव नहीं लड़ सकता. भड़काऊ भाषण मामले में सजा के बाद 2022 में आजम खान की विधायकी गई थी, जिससे उन पर 2028 तक चुनाव लड़ने की रोक है. 2023 में अब्दुल्ला आजम की सदस्यता रद्द होने के बाद वे 2029 तक चुनावी मैदान से बाहर हैं. ऐसे में सिर्फ जेल से बाहर आ जाना चुनाव लड़ने की पात्रता नहीं देता. जब तक दूसरे मामलों में उनकी दोषसिद्धि पर भी अदालत से राहत नहीं मिलती, तब तक दोनों के चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता साफ नहीं होगा. इस तरह पिता-पुत्र 2027 के चुनाव में उम्मीदवार नहीं बन सकेंगे.

तंजीन फातिमा संभालेंगी आजम खान की विरासत?

रामपुर की सियासी जमीन और परिवार की राजनीतिक विरासत को बचाने का जिम्मा आजम खान की पत्नी और पूर्व सांसद डॉ. तंजीन फातिमा के हाथ में जा सकता है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा को सिर्फ पैन कार्ड मामले में सात साल की सजा थी, जिस पर हाईकोर्ट ने अब रोक लगा दी है. कोर्ट से इस तरह आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा को बड़ी राहत मिली है और उनके चुनाव लड़ने का रास्ता भी साफ हो गया है. इसके बाद से उनके सक्रिय होने और मोर्चा संभालने की अटकलें तेज हो गई हैं.

आजम खान की पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा के लिए राजनीतिक वापसी की संभावनाएं मजबूत हुई हैं. वह पहले भी रामपुर सीट से विधायक और राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं. फर्जी पैन कार्ड मामले में उन्हें भी सात साल की सजा सुनाई गई थी, लेकिन अब अदालत के फैसले के बाद उनकी दोषसिद्धि पर लगी कानूनी बाधा हट गई है. तंजीन फातिमा के 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने का रास्ता साफ है.

रामपुर में आजम खान के समर्थकों के बीच उनकी स्वीकार्यता और पुराने राजनीतिक अनुभव को देखते हुए समाजवादी पार्टी भी उन्हें अहम जिम्मेदारी दे सकती है. हालांकि, चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला पार्टी और तंजीन फातिमा की राजनीतिक रणनीति पर निर्भर करेगा. इसके अलावा यह आजम खान के ऊपर भी निर्भर करेगा कि क्या वो अपनी पत्नी को फिर से चुनावी मैदान में उतारेंगे.

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आजम खान और अब्दुल्ला भले ही चुनाव न लड़ पाएं, लेकिन वे जेल से बाहर रहकर पर्दे के पीछे से पूरी चुनावी रणनीति तैयार करेंगे और जनसभाओं के जरिए माहौल बनाएंगे. वहीं, तंजीन फातिमा परिवार के सबसे अनुभवी चेहरे के तौर पर रामपुर इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और सियासी कमान संभालने की भूमिका निभा सकती हैं.

आजम खान के परिवार में राजनीतिक विरासत की चर्चा सिर्फ तंजीन फातिमा तक सीमित नहीं है. आजम के छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम पहले ही सक्रिय राजनीति में अपनी पहचान बना चुके हैं. वह स्वार विधानसभा सीट से दो बार विधायक चुने गए, लेकिन कानूनी मामलों के चलते उनकी विधानसभा सदस्यता भी समाप्त हो चुकी है. दूसरी ओर, बड़े बेटे अदीब आजम ने अपेक्षाकृत खुद को सक्रिय चुनावी राजनीति से दूर रखा है. वह परिवार के सामाजिक और संस्थागत कामकाज में भूमिका निभाते रहे हैं.

अदीब और अब्दुल्ला दोनों के नाम जौहर ट्रस्ट से भी जुड़े रहे हैं. ऐसे में परिवार के दोनों बेटों की भूमिका रामपुर की राजनीति में अहम बनी रह सकती है. आजम परिवार की अगली पीढ़ी में बहू की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हो सकती हैं, लेकिन फिलहाल उनके चुनावी राजनीति में उतरने या सक्रिय जिम्मेदारी संभालने को लेकर कोई स्पष्ट सार्वजनिक घोषणा सामने नहीं है. ऐसे में परिवार की राजनीतिक विरासत का अगला चेहरा कौन होगा, इस पर नजर रहेगी.

पिता आजम खान और भाई अब्दुल्ला के चुनावी राजनीति से बाहर रहने की स्थिति में अब रामपुर के सियासी गलियारों में बड़े बेटे अदीब आजम का नाम तेजी से उभर रहा है. अदीब अब तक खुद को सक्रिय राजनीति और चुनावी चमक-दमक से दूर रखते आए हैं. उन पर कोई भी आपराधिक या चुनावी अयोग्यता का मुकदमा भी नहीं है. ऐसे में अदीब को लेकर चर्चा भले ही हो, लेकिन उनके राजनीति में आने की संभावना कम है.

अदीब के साथ-साथ उनकी पत्नी सिदरा अदीब को लेकर चर्चा है. आजम खान, तंजीन फातिमा और अब्दुल्ला जब जेल में बंद थे, तब सिदरा ने ही रामपुर में परिवार की राजनीतिक विरासत और कार्यकर्ताओं के मनोबल को संभाला था. हालांकि बाद में परिवार के फैसले के चलते उन्होंने सियासी गतिविधियों से थोड़ी दूरी बना ली थी, जिसके चलते उनके चुनाव लड़ने की उम्मीदें नहीं हैं.

आजम खान की गैरमौजूदगी में रामपुर का राजनीतिक समीकरण भी बदल चुका है. बीजेपी ने अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत किया है, जबकि सपा के सामने आजम समर्थकों को एकजुट रखने की चुनौती है. 2027 का चुनाव इस लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा कि आजम परिवार अपनी पुरानी राजनीतिक पकड़ वापस हासिल कर पाता है या नहीं.

अखिलेश यादव के लिए भी आजम खान की राजनीतिक ताकत और रामपुर में उनके समर्थकों का साथ अहम है. ऐसे में तंजीन फातिमा की संभावित राजनीतिक सक्रियता सपा के लिए राहत का रास्ता बन सकती है. अब बड़ा सवाल यही है कि क्या आजम खान खुद चुनाव नहीं लड़ पाने की स्थिति में अपनी पत्नी को सियासी कमान सौंपेंगे या फिर परिवार से किसी और को आगे बढ़ाएंगे?

Original Source
https://www.aajtak.in/elections/assembly-chunav/story/azam-khan-abdullah-cant-contest-up-2027-election-tazeen-fatma-adeeb-political-legacy-ntcpkb-dskc-2699708-2026-11-18?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World