जिनपिंग स्टाइल! मेहमान ट्रंप को पहले टैरिफ पर सुनाया, फिर बाहें फैलाकर किया स्वागत

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्तियों में शुमार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंचे तो राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाहें फैलाकर उनका स्वागत किया. गले मिले, मुस्कुराए और रेड कारपेट पर साथ चलते नजर आए. लेकिन इस गर्मजोशी से पहले जिनपिंग ने ट्रंप को ऐसा संदेश दिया, जिसकी गूंज वॉशिं...

दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्तियों में शुमार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंचे तो राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बाहें फैलाकर उनका स्वागत किया. गले मिले, मुस्कुराए और रेड कारपेट पर साथ चलते नजर आए. लेकिन इस गर्मजोशी से पहले जिनपिंग ने ट्रंप को ऐसा संदेश दिया, जिसकी गूंज वॉशिंगटन तक सुनाई दे सकती है. ट्रंप के चीन पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही जिनपिंग ने व्यापारिक संरक्षणवाद के खिलाफ लड़ने का ऐलान किया. इशारा साफ था, अमेरिका की टैरिफ दादागिरी चीन को मंजूर नहीं. यानी मेहमान के स्वागत में कोई कमी नहीं, लेकिन अमेरिकी नीतियों पर समझौते का भी कोई इरादा नहीं!

उधर, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी पश्चिमी प्रतिबंधों पर निशाना साधते हुए अमेरिका और उसके सहयोगियों को घेरा.

अब दुनिया की नजर चीन में होने वाली ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की त्रिपक्षीय मुलाकात पर है. चीन के शेनजेन शहर में दुनिया के तीन सबसे ताकतवर राष्ट्रपति मिल रहे हैं. इस मीटिंग में व्यापार, युद्ध, एआई, बिजनेस सैंक्शन जैसे मुद्दों पर गरमागरम बात होगी. 

शी जिनपिंग ने इसके संकेत दे दिए हैं.  

दरअसल चीन के दक्षिणी टेक हब शेनझेन में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान जिनपिंग और पुतिन ने अपने संबोधन में पश्चिमी देशों की नीतियों पर सवाल उठाए. जिनपिंग ने कहा कि आज हम एक बदलती और उथल-पुथल भरी दुनिया में हैं, वैश्विक विकास में गति की कमी है, और एकतरफा रवैया और संरक्षणवाद का बोलबाला है.

जिनपिंग ने अपने संबोधन में कहा, "चीन ने एकतरफावाद और संरक्षणवाद (Protectionism) का डटकर सामना किया है. वह सच्चे बहुपक्षवाद, बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली और WTO के नियमों को बनाए रखने, तथा WTO में सुधार को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है. उसने वैश्विक आर्थिक विकास, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और आर्थिक सहयोग में लगातार स्थिरता और निश्चितता लाई है. अंतर्राष्ट्रीय हालात चाहे जैसे भी बदलें, चीन अन्य सभी देशों के साथ 'दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद' (विन-विन) सहयोग की अपनी राह पर अडिग रहेगा."

जिनपिंग ने कहा कि चीन व्यापार संरक्षणवाद के खिलाफ खड़ा होगा. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और चीन के बीच व्यापार, टैरिफ और तकनीक को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही है.

जिनपिंग का संरक्षणवाद पर बयान सीधे तौर पर ट्रंप की टैरिफ नीति की ओर इशारा है. ट्रंप ने अमेरिकी उद्योगों को बचाने के नाम पर चीन समेत कई देशों के उत्पादों पर भारी आयात शुल्क लगाए हैं. चीन इसे मुक्त व्यापार के खिलाफ कदम बताता रहा है. ट्रंप के स्वागत के बीच जिनपिंग ने यह संदेश देने की कोशिश की कि अमेरिका अपनी आर्थिक ताकत के दम पर दूसरे देशों पर व्यापारिक शर्तें नहीं थोप सकता.

वहीं पुतिन ने पश्चिमी देशों के आर्थिक प्रतिबंधों की आलोचना की. दोनों नेताओं के बयानों को ट्रंप के चीन पहुंचने से पहले अमेरिका के लिए एक राजनीतिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. अमेरिका समेत कई यूरोपीय देश यूक्रेन युद्ध की वजह से रूस पर प्रतिबंध लगाए हुए हैं.

बता दें कि ट्रंप के चीन पहुंचने पर जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की. यह सितंबर में हुई पिछली मुलाकात की तरह ही थी. जब ट्रंप ने ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर जिनपिंग का स्वागत किया था. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और कुछ देर बातचीत की. इसके बाद वे रेड कारपेट से होते हुए अपने-अपने काफिले की तरफ बढ़ गए. दोनों नेता APEC की ग्रुप फोटो और अन्य नेताओं के साथ आयोजित भोज में भी शामिल होंगे.

गुरुवार को ट्रंप और जिनपिंग की पुतिन के साथ भी मुलाकात होनी है. इस बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान में अमेरिका का युद्ध, व्यापार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और परमाणु हथियारों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हो सकती है. तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों का एक साथ बैठना वैश्विक राजनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सवाल यह है कि क्या ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की यह मुलाकात भी दुनिया के नए शक्ति संतुलन की दिशा तय करेगी? क्या तीनों महाशक्तियां आपसी मतभेदों के बावजूद किसी बड़े समझौते की ओर बढ़ेंगी?

Original Source
https://www.aajtak.in/world/story/xi-jinping-and-putin-blast-western-protectionism-trump-lands-in-china-ntcppl-dskc-2699829-2026-11-18?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World