हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, चालक ने छलांग लगाकर बचाई जान
हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे पर एक चलती स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते गाड़ी आग का गोला बन गई और उससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं. गनीमत रही कि आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली. कुछ ही मिनटों में पूरी स्कॉर्पियो जलकर राख हो गई.
दरअसल, यह हादसा नेशनल हाईवे पर केएमपी प्वाइंट के पास हुआ. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सड़क पर चल रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला. हालांकि, उसने समय रहते वाहन से बाहर कूदकर खुद को सुरक्षित कर लिया.
यह भी पढ़ें: सोनीपत: ऊपर भ्रष्टाचार पर पहरा, नीचे रिश्वतखोरी का खेल! 20 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा गया कंप्यूटर ऑपरेटर
हाईवे पर चलती गाड़ी में आग लगने से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सड़क से गुजर रहे लोगों ने जब वाहन को लपटों से घिरा देखा तो मौके पर हलचल बढ़ गई. कुछ ही देर में स्कॉर्पियो पूरी तरह आग की चपेट में आ गई.
प्रत्यक्षदर्शी मुनि राम ने बताया कि गाड़ी में आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाई और बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली. अगर वह थोड़ी भी देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया.
सूचना मिलने के बाद फायर विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक स्कॉर्पियो पूरी तरह जल चुकी थी और उससे सिर्फ जला हुआ ढांचा बचा.
हादसे के चलते हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा. आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हुई.

