बड़े ब्रांड का नाम, करोड़ों में दाम, आखिर अमीरों के इन घरों में क्या है खास?

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
देश के रियल एस्टेट बाजार में लग्जरी घरों की मांग और खरीदारों की पसंद दोनों बदल रही हैं. अब महंगे घरों का मतलब सिर्फ बड़ा आकार, शानदार इंटीरियर और स्विमिंग पूल नहीं रह गया है. अमीर खरीदार ऐसे घरों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिनके साथ अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की पहचान, खास डिजाइन और...

देश के रियल एस्टेट बाजार में लग्जरी घरों की मांग और खरीदारों की पसंद दोनों बदल रही हैं. अब महंगे घरों का मतलब सिर्फ बड़ा आकार, शानदार इंटीरियर और स्विमिंग पूल नहीं रह गया है. अमीर खरीदार ऐसे घरों में भी दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिनके साथ अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की पहचान, खास डिजाइन और होटल जैसी सुविधाएं जुड़ी हों. इसी वजह से भारत में ब्रांडेड रेजिडेंस यानी बड़े लग्जरी ब्रांड के नाम और डिजाइन से जुड़े घरों का बाजार धीरे-धीरे विस्तार कर रहा है.

गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी M3M India ने न्यूयॉर्क के लग्जरी घड़ी और आभूषण ब्रांड Jacob & Co. के साथ मिलकर ऐसे ही एक प्रोजेक्ट की घोषणा की है. M3M Jacob & Co. Residences नाम के इस प्रोजेक्ट में घरों की शुरुआती कीमत 26 करोड़ रुपये रखी गई है. हालांकि, यह सिर्फ एक नए महंगे हाउसिंग प्रोजेक्ट की लॉन्चिंग नहीं है, बल्कि उस चलन का भी उदाहरण है, जिसमें रियल एस्टेट कंपनियां ग्राहकों को घर के साथ एक खास ब्रांड और जीवनशैली का अनुभव बेचने की कोशिश कर रही हैं.

इस प्रोजेक्ट पर करीब 1,650 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. गुरुग्राम के सेक्टर-111 में द्वारका एक्सप्रेसवे के किनारे बनने वाले इस प्रोजेक्ट में कुल 120 घर होंगे. हर घर का औसत आकार करीब 7,300 वर्ग फुट रखा गया है और शुरुआती कीमत 26 करोड़ रुपये होगी. कंपनी को इससे करीब 3,300 करोड़ रुपये की बिक्री होने की उम्मीद है. प्रोजेक्ट की प्रस्तावित शुरुआती दर करीब 40,000 रुपये प्रति वर्ग फुट है. घरों का बड़ा आकार और सीमित संख्या इसे सामान्य हाउसिंग सोसायटी से अलग बनाती है. कंपनी का जोर ऐसे खरीदारों पर है, जो ज्यादा जगह, निजता और खास सुविधाओं के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं.

एम3एम इंडिया के प्रेसिडेंट रॉबिन मंगला ने का कहना है कि, "M3M Jacob & Co. Residences की खासियत यह है कि यहां ग्लोबल ब्रांड की पहचान, खास डिजाइन और होटल जैसी सुविधाओं के साथ रहने का अनुभव एक साथ मिलता है. आम लग्जरी अपार्टमेंट्स में मुख्य रूप से लोकेशन, घर का आकार, उसकी बनावट और उपलब्ध सुविधाओं पर ध्यान दिया जाता है, जबकि ये रेजिडेंस घर की चारदीवारी से आगे बढ़कर रहने का एक अलग अनुभव देते हैं.'

Jacob & Co. के साथ मिलकर इस प्रोजेक्ट को खास पहचान देने की कोशिश की गई है. इस साझेदारी के तहत ब्रांड की विशिष्ट डिजाइन शैली को रिहायशी परिसर में उतारा गया है. इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय आर्किटेक्चर और लैंडस्केप डिजाइन कंपनियों Wood Bagot और Belt Collins ने इसकी रूपरेखा तैयार की है, प्रोजेक्ट में आकर्षक इमारतों के साथ खूबसूरत खुले स्थान और खास लैंडस्केप भी देखने को मिलेंगे.

ब्रांडेड रेजिडेंस का चलन सिर्फ गुरुग्राम तक सीमित नहीं है. दुनिया के कई बड़े लग्जरी ब्रांड होटल, रियल एस्टेट और लाइफस्टाइल से जुड़े प्रोजेक्ट के जरिए अपनी पहचान का विस्तार कर रहे हैं. भारत में भी रियल एस्टेट कंपनियां अंतरराष्ट्रीय फैशन, घड़ी और होटल ब्रांडों के साथ साझेदारी कर रही हैं.

भारत में ब्रांडेड रेजिडेंस का चलन अब तेजी से बढ़ रहा है. गुरुग्राम में M3M India और Smartworld Developers ने फैशन डिजाइनर Elie Saab के नाम से लग्जरी रेजिडेंस प्रोजेक्ट पेश किए हैं. इन घरों में ब्रांड की डिजाइन शैली, फर्नीचर और सजावट को शामिल करने की योजना है. वहीं, Signature Global ने इटली के लग्जरी लाइफस्टाइल ब्रांड Tonino Lamborghini के साथ गुरुग्राम में करीब 2,890 करोड़ रुपये के ब्रांडेड रेजिडेंस प्रोजेक्ट के लिए साझेदारी की है.

यह भी पढ़ें: ग्रेटर एसपीआर से गुरुग्राम के रियल एस्टेट को कितना फायदा? एक्सपर्ट्स ने बताया

इसके अलावा, गुरुग्राम में Trump Organization के नाम से Trump Residences प्रोजेक्ट भी विकसित किया जा रहा है, जिसे Smartworld Developers और Tribeca Developers मिलकर आगे बढ़ा रहे हैं. होटल ब्रांड भी इस बाजार में अपनी जगह बना रहे हैं. 

मुंबई में भी इस तरह के प्रोजेक्ट देखने को मिल रहे हैं. Lodha Group ने इटली के फैशन ब्रांड Armani की डिजाइन पहचान को अपने लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में शामिल किया है. वहीं, दिल्ली के Unity Group के Amaryllis प्रोजेक्ट में Versace की डिजाइन शैली से जुड़े अपार्टमेंट पेश किए गए हैं.

इन उदाहरणों से पता चलता है कि ब्रांडेड रेजिडेंस का बाजार केवल घड़ी और फैशन कंपनियों तक सीमित नहीं है. इसमें होटल, लाइफस्टाइल और इंटीरियर डिजाइन से जुड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी शामिल हो रहे हैं. हालांकि, इन सभी साझेदारियों का स्वरूप अलग है. कहीं ब्रांड घरों के डिजाइन और सजावट में भूमिका निभाता है, तो कहीं होटल जैसी सेवाएं और सुविधाएं इस पेशकश का हिस्सा होती हैं.

गुरुग्राम में क्यों बढ़ रही है ऐसे घरों की मांग?

गुरुग्राम में ब्रांडेड और अल्ट्रा-लग्जरी घरों की बढ़ती गतिविधियों के पीछे कई वजहें हैं. शहर में बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कार्यालय, कारोबारी केंद्र और कॉरपोरेट मुख्यालय मौजूद हैं. इससे यहां बड़े कारोबारियों, वरिष्ठ अधिकारियों और अधिक आमदनी वाले पेशेवरों का एक बड़ा वर्ग तैयार हुआ है.

इसके अलावा, दिल्ली और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेहतर संपर्क, द्वारका एक्सप्रेसवे और गोल्फ कोर्स रोड जैसे इलाकों में विकसित हो रही सुविधाओं ने भी महंगे घरों की मांग को बढ़ावा दिया है. अब खरीदार घर के आकार के साथ सुरक्षा, निजता, रखरखाव और व्यक्तिगत सेवाओं को भी महत्व दे रहे हैं.

लग्जरी हाउसिंग बाजार में 10 करोड़ रुपये या उससे अधिक कीमत वाले घरों की बिक्री भी इस बदलाव का संकेत देती है. हालांकि, इस श्रेणी में बिक्री के आंकड़े और ब्रांडेड रेजिडेंस की वास्तविक मांग को अलग-अलग समझना जरूरी है. हर महंगा घर ब्रांडेड रेजिडेंस नहीं होता और हर ब्रांडेड प्रोजेक्ट की मांग भी एक जैसी नहीं होती.

क्या ब्रांडेड घर खरीदना फायदे का सौदा है?

ब्रांडेड रेजिडेंस की सबसे बड़ी खासियत उनकी डिजाइन पहचान, सुविधाएं और सेवाओं का स्तर है. अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के साथ जुड़ाव खरीदारों को एक अलग तरह का अनुभव दे सकता है. कुछ प्रोजेक्ट में होटल जैसी सेवाएं, कंसीयर्ज, हाउसकीपिंग और विशेष लाइफस्टाइल सुविधाएं भी मिलती हैं.

लेकिन इसका दूसरा पहलू भी है. ऐसे घर सामान्य लग्जरी अपार्टमेंट के मुकाबले महंगे हो सकते हैं. ब्रांड के नाम पर कीमत कितनी बढ़ाई गई है और उसके बदले खरीदार को वास्तव में क्या मिल रहा है, यह समझना जरूरी है. इसके अलावा रखरखाव शुल्क, ब्रांड के साथ समझौते की अवधि, सेवाओं की उपलब्धता और डेवलपर की पुरानी परियोजनाओं का रिकॉर्ड भी जांचना चाहिए.

यह भी पढ़ें: लाखों के फ्लैट, सड़कों पर रेंगती गाड़ियां...नोएडा एक्सटेंशन के 'महाजाम' का अंत कब

Original Source
https://www.aajtak.in/business/real-estate/story/branded-luxury-homes-in-gurugram-jacob-and-co-residences-ntcpsc-dskc-2699630-2026-11-19?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World