नंदी की मूर्ति, 'बिस्मिल्लाह' लिखी पेंटिंग...लाल वॉलपेपर्स से सजा है स्वरा भास्कर-फहाद अहमद का घर, बेटी राबिया का कमरा भी है खास
Swara Bhasker Fahad Ahmad House: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपनी बेबाकी और अलग अंदाज के लिए जानी जाती हैं. फिल्मों से लेकर निजी जिंदगी तक, वह अक्सर किसी न किसी वजह से चर्चा में रहती हैं. लेकिन इस बार स्वरा अपनी एक्टिंग या किसी बयान को लेकर नहीं, बल्कि अपने खूबसूरत घर की वजह से सुर्खियों में हैं. मुंबई स्थित घर में स्वरा अपने पति और राजनेता फहाद अहमद और अपनी 3 साल की नन्ही बेटी राबिया के साथ रहती हैं. स्वरा का घर आम बॉलीवुड सेलिब्रिटी के आलीशान घरों से बिल्कुल अलग है.
स्वरा और फहाद का यह घर मुंबई के चेंबूर इलाके में है. खास बात यह है कि यह कोई चमचमाता हाईराइज अपार्टमेंट नहीं, बल्कि एक किराए का डुप्लेक्स बंगला है. घर में कदम रखते ही पुराने जमाने का अट्रैक्शन, रंग-बिरंगी दीवारें, खूबसूरत वॉलपेपर, विंटेज फर्नीचर, किताबें, पेंटिंग्स और ढेर सारे पौधे नजर आते हैं. इस घर की हर छोटी-बड़ी चीज में स्वरा और फहाद की पसंद के साथ उनकी जिंदगी से जुड़ी यादों की झलक दिखाई देती है. वहीं, उनकी बेटी राबिया के लिए बनाया गया खास प्लेरूम भी इस घर की सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है.स्वरा के लिए किसी सुकून भरी जगह से कम नहीं घर स्वरा ने एक इंटरव्यू में बताया कि बेटी राबिया के जन्म के बाद उन्हें बड़े घर की जरूरत महसूस हुई. परिवार बढ़ने के साथ-साथ घर में ज्यादा जगह की जरूरत थी. इसके अलावा उनके यहां काम करने वाले लोगों के लिए भी जगह चाहिए थी. इसी वजह से उन्होंने चेंबूर में यह डुप्लेक्स बंगला चुना.
स्वरा का मानना है कि घर सिर्फ दिखने में खूबसूरत या महंगा नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसी जगह होना चाहिए जहां इंसान को सुकून मिले. उन्होंने अपने घर को अपनी सुकून भरी जगह बताया. स्वरा के मुताबिक, यह कोई बहुत आलीशान बॉलीवुड स्टाइल का घर नहीं है, लेकिन अपनी छोटी-छोटी खुशियों और शांति की वजह से उनके लिए बेहद खास है. वह यहां अपनी बेटी को बड़ा होते देखना चाहती हैं.
लाल और मस्टर्ड रंग के वॉलपेपर से सजा लिविंग रूम स्वरा के घर का लिविंग रूम सबसे ज्यादा ध्यान खींचता है. स्वरा के घर के लिविंग रूम की दीवारों पर गहरे लाल और मस्टर्ड रंग का फ्लोरल वॉलपेपर लगाया गया है. इसके साथ मैचिंग पर्दे, लकड़ी की खूबसूरत बुकशेल्फ और आरामदायक सोफे कमरे को बेहद अट्रेक्टिव बनाते हैं.
खास बात यह है कि घर में आने के बाद स्वरा ने कई चीजों को अपनी पसंद के मुताबिक बदला. उन्होंने लाइटिंग से लेकर वॉलपेपर तक में बदलाव कराया. हालांकि, लिविंग रूम में रखा मस्टर्ड रंग का सोफा पहले से ही घर में मौजूद था. स्वरा ने उसी सोफे को ध्यान में रखते हुए लाल रंग का वॉलपेपर चुना, ताकि पीले रंग की अधिकता कम हो और कमरे का लुक खूबसूरत लगे.
घर के हर कोने में छिपी हैं खास यादें स्वरा और फहाद के घर की सबसे दिलचस्प बात यह है कि वहां ऐसी चीजों से डेकोरेशन की गई हैं, जो उनके रिश्तों, पसंद और जिंदगी के खास पलों से जुड़ी हुई हैं.
घर में कई ऐसी चीजें नजर आती हैं, जो उन्हें शादी के दौरान तोहफे में मिली थीं. इनमें एक प्राचीन नंदी की मूर्ति और 'बिस्मिल्लाह' शब्द वाली खूबसूरत फ्रेम की हुई पेंटिंग भी शामिल है. इन चीजों के जरिए उनके घर में हिंदू और मुस्लिम दोनों धर्मों के रंग देखने को मिलते हैं.
इसके अलावा घर में मशहूर भारतीय कलाकार अंजोली इला मेनन की एक ओरिजिनल पेंटिंग भी लगी हुई है. यह पेंटिंग स्वरा और फहाद को बेटी राबिया के जन्म पर तोहफे में मिली थी.
प्लेट पर बनी पेंटिंग में लिखी है पसंदीदा कवि की कविता स्वरा के घर में एक और बेहद खास पेंटिंग देखने को मिलती है. यह एक प्लेट पर बनाई गई पेंटिंग है, जिस पर पंजाबी कवि पाश की कविता लिखी हुई है. स्वरा ने इंटरव्यू में बताया कि पाश उनके पसंदीदा कवियों में से एक हैं. घर की कई अलमारियों में किताबें बहुत ही सलीके से सजाई गई हैं. वहीं, एक फ्रेम में 'इंडिया माय वैलेंटाइन' से जुड़ी याद भी संजोकर रखी गई है. यह सांस्कृतिक कार्यक्रम फरवरी 2020 में आयोजित किया गया था. इसे स्वरा, फहाद और उनकी दोस्त अदिति ने मिलकर ऑर्गनाइज किया था.
बेटी राबिया के लिए बनाया रंग-बिरंगा प्लेरूम स्वरा और फहाद के घर का सबसे प्यारा हिस्सा उनकी बेटी राबिया का प्लेरूम है. इस कमरे को कपल ने अपनी नन्ही बेटी की जरूरतों और पसंद के हिसाब से तैयार किया है. कमरे में ब्राइट कलर्स वाले वॉलपेपर, ढेर सारे खिलौने और बच्चों की किताबें रखी हैं. उसके कमरे में तीन बुकशेल्फ सिर्फ उसकी किताबों के लिए रखी गई हैं.
बेटी के खिलौने चुनते समय भी स्वरा रखती हैं खास ध्यान राबिया के प्लेरूम में सिर्फ रंग-बिरंगे खिलौने ही नहीं, बल्कि कुछ खास गुड़ियाएं भी रखी गई हैं. स्वरा ने बताया कि वह अपनी बेटी के लिए खिलौने भी सोच-समझकर चुनती हैं. उन्होंने राबिया के कमरे में दो बॉडी-पॉजिटिव डॉल और डार्क कलर की एक बार्बी डॉल भी रखी हैं. स्वरा ने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनकी बेटी बड़ी होकर यह सोचे कि बार्बी डॉल जैसी एक खास बॉडी ही खूबसूरती का पैमाना है.
इसी सोच के साथ उन्होंने ऐसी गुड़ियाएं चुनी हैं, जो अलग-अलग रंग, शरीर और बनावट को दिखाती हैं. कमरे में भारतीय गुड़ियाएं और दूसरे तरह के खिलौने भी रखे गए हैं, ताकि राबिया बचपन से ही दुनिया में मौजूद अलग-अलग तरह के लोगों और उनकी पहचान को समझ पाए.

