बाबर आजम पर सवालों से तंग आए पाकिस्तानी टीम के कोच, प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार को सुनाई खरी-खोटी
पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के हेड कोच माइक हेसन बाबर आजम की खराब फॉर्म को लेकर लगातार पूछे जा रहे सवालों से परेशान हो गए हैं. श्रीलंका के खिलाफ रावलपिंडी टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने हेसन से बाबर की बल्लेबाजी पर सवाल किया. इस पर हेसन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हर प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक ही सवाल पूछने के बजाय टीम के प्रदर्शन पर भी बात होनी चाहिए.
माइक हेसन ने कहा कि बाबर आजम का टेस्ट औसत करीब 50 का है और टीम को उनकी क्षमता पर भरोसा है. उन्होंने पत्रकारों से एक ही सवाल बार-बार पूछने के बजाय मैदान पर चल रहे मुकाबले पर ध्यान देने की अपील की.
माइक हेसन ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, 'सच कहूं तो अब इन सवालों से तंग आ चुका हूं. आप हर प्रेस कॉन्फ्रेंस में यही सवाल पूछते हैं. बाबर का टेस्ट औसत करीब 50 है, इसलिए हम उनकी फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं. मैं वही जवाब दूंगा, जो पिछली बार दिया था.'यह भी पढ़ें: भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट में बवाल... अंपायर के फैसले पर भड़के शुभमन गिल, हुई तीखी बहस, VIDEO
उन्होंने आगे कहा, 'क्या हम एक ही सवाल पूछना बंद करके मैदान पर खेले जा रहे क्रिकेट की बात कर सकते हैं? पाकिस्तान इस समय अच्छा क्रिकेट खेल रहा है. ऐसे में टीम के प्रदर्शन पर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता?'
कब आया था बाबर का आखिरी टेस्ट शतक? बाबर आजम ने अपना आखिरी टेस्ट शतक दिसंबर 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कराची में लगाया था. उस मुकाबले में उन्होंने 280 गेंदों पर 161 रन बनाए थे. इसके बाद से वह तीन अंकों के स्कोर तक नहीं पहुंच सके हैं.यह भी पढ़ें: 'मैं तुम्हें डिफरेंट प्लेयर बनाऊंगा...', अनाया बांगड़ से योगराज सिंह का वादा, VIDEO देख दिल खुश हो जाएगा
उनकी पिछली 10 टेस्ट पारियों में 8, 50, 34, 7, 76, 8, 6, 88, 24 और 23 रन शामिल हैं. इस दौरान उन्होंने 32.40 की औसत से 324 रन बनाए. वेस्टइंडीज के खिलाफ 88 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा.
रावलपिंडी में खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में बाबर का बल्ला नहीं चला है. पहली पारी में बाबर नौ गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हो गए. उनके टेस्ट करियर में अब तक नौ शतक दर्ज हैं, लेकिन पिछले करीब चार साल से वह शतक नहीं लगा पाए हैं.
लगातार बड़ी पारी का इंतजार बाबर आजम की बल्लेबाजी को लेकर बहस की वजह बना हुआ है. हालांकि, माइक हेसन ने फिलहाल इस चर्चा से आगे बढ़कर टीम के मौजूदा प्रदर्शन पर ध्यान देने की बात कही है.


