हिंसा, बम धमाके और लॉकडाउन... शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में बवाल
बांग्लादेश में 2024 के विरोध प्रदर्शनों के दो साल बाद एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने गुरुवार को देश भर में 'डॉन-टू-डस्क लॉकडाउन' का आह्वान किया है. ये प्रदर्शन ऐसे समय में हो रहा है जब देशभर में आगजनी, तोड़फोड़, पुलिस से झड़प और गारमेंट मजदूरों के आंदोलन से हालात बिगड़े हुए हैं.
शेख मुजीबुर हसन की स्थापित अवामी लीग के नेतृत्व में 2009 से 2024 तक सरकार चली थी. साल 2024 के छात्र विरोध प्रदर्शनों के बाद हसीना की सत्ता गिर गई और वो भारत आ गईं.
शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों और जुबो लीग और छात्र लीग जैसे संगठनों पर बैन लगा दिया था. ऐसे में शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की खबरों के बाद से ही वहां हालात बिगड़ गए हैं. हसीना के संभावित लौटने से पहले अवामी लीग के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर रहे हैं.
पार्टी ने 14 से 19 नवंबर तक पांच दिवसीय विरोध कार्यक्रम के तहत गुरुवार के लॉकडाउन का ऐलान किया है. आधिकारिक टेलीग्राम चैनल के बयान में आठ मांगें रखी गई हैं. इनमें अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाना, इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल को खत्म करना, कथित मनगढ़ंत फैसलों और झूठे मामलों को वापस लेना, राजनीतिक बंदियों की रिहाई, जरूरी चीजों की कीमतों पर नियंत्रण और बंद औद्योगिक इकाइयों को फिर से खोलना शामिल है.
आवामी लीग ने 14 नवंबर को पर्चा बांटने और दीवार लेखन से अभियान शुरू किया. 15 नवंबर को रैलियां निकलीं, 16 नवंबर को ज्ञापन सौंपे गए और 17 नवंबर को एक साल पहले हसीना को मिली मौत की सजा के विरोध में 'ब्लैक डे' मनाया गया. गुरुवार के शटडाउन में परिवहन, दुकानें, उद्योग, दफ्तर, बैंक, अदालत और स्कूल-कॉलेज बंद रखने का ऐलान किया गया है. हालांकि एंबुलेंस, अस्पताल, फार्मेसी, दमकल और मीडिया को छूट दी गई है.
अवामी लीग की सक्रियता सबसे ज्यादा हसीना के जन्मस्थान तुंगीपारा वाले गोपालगंज जिले में दिख रही है. रविवार को कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर शक्ति प्रदर्शन किया. लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस भीड़ ने पुलिस बैरिकेड तोड़े, बख्तरबंद वाहन व पुलिस बॉक्स में तोड़फोड़ की और शेख कमल स्टेडियम के पास जुलाई मेमोरियल को आग लगा दी. अगस्त 2024 से बंद जिला अवामी लीग कार्यालय भी खोल दिया गया.
द डेली स्टार' के मुताबिक, बीएनपी नेताओं और कार्यकर्ताओं के कम से कम सात घरों पर हमला हुआ. तुंगीपारा म्यूनिसिपल बीएनपी अध्यक्ष इमदादुल हक मोल्ला के घर में लूटपाट और आगजनी हुई और एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया.
सोमवार को तुंगीपारा में मार्च निकाला गया और दो साल से बंद स्थानीय कार्यालय का ताला तोड़ा गया. 'प्रथम आलो' के मुताबिक, 100 से ज्यादा कार्यकर्ता जुटे और शेख मुजीबुर रहमान के मकबरे तक गए. कोटालीपाड़ा में स्थानीय हथियार लिए समर्थकों ने बीएनपी नेता के स्मारक मेहराब को नुकसान पहुंचाया और आग लगाई.
मंगलवार शाम तुंगीपारा में अवामी लीग और छात्र लीग कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़की. मस्जिद के लाउडस्पीकर से घोषणा के बाद भीड़ तुंगीपारा थाने के बाहर जुटी. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने थाने पर हमला कर तोड़फोड़ की, इमारत और गाड़ियां फूंकी, कई बंदियों को छुड़ाया और हथियार भी लूट लिए.
गोपालगंज-3 के बीएनपी सांसद एसएम जिलानी के घर को भी आग लगा दी गई. हमले के वीडियो फेसबुक पर आए, जिनमें 'जय बांग्ला' के नारे सुनाई दिए. थाने में नौ पुलिस वाहन और 15 मोटरसाइकिलें जलीं.
बुधवार को गोपालगंज-तुंगीपारा रोड पर दरांती और कुल्हाड़ियों के साथ प्रदर्शन हुए और छह जगह पेड़ और बांस लगाकर रास्ते रोके गए. तुंगीपारा थाना खाली पड़ा मिला, जहां कंप्यूटर और फर्नीचर क्षतिग्रस्त थे. पुलिसकर्मियों ने सामान हटाया और एक अधिकारी ने हथियार लूटे जाने और कुछ की बरामदगी की पुष्टि की.
हिंसा सिर्फ गोपालगंज तक सीमित नहीं है. 7 से 9 नवंबर के बीच कम से कम 19 बसें जलाई गईं और 29 जगह देसी बम धमाकों की सूचना मिली. नेत्रकोना में हावर एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगी और ढाका यूनिवर्सिटी के बिजनेस स्टडीज और आर्ट्स फैकल्टी के पास देसी बम फटे.
बीते 10 दिनों में कम से कम 28 जिलों में दर्जनों देसी बम धमाके और वाहनों में आगजनी दर्ज हुई. 16 नवंबर को ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास दो देसी बम फटे और 10 नवंबर से ग्रामीण बैंक के कम से कम 37 कार्यालय और शाखाएं निशाना बनीं.
दूसरी ओर, गाजीपुर, सावर और आशुलिया में गारमेंट मजदूर ज्यादा वेतन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे हाईवे जाम, झड़पें और बुधवार को गाजीपुर में पुलिस वाहन जलाने जैसी घटनाएं हुईं.
इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल से मौत की सजा पाने के बावजूद हसीना ने अगस्त से अब तक कई इंटरव्यू में दिसंबर तक किसी भी तरह देश लौटने की बात कही है. ऐसे में उनके वकीलों ने नए पासपोर्ट के लिए संपर्क किया है.
यह भी पढ़ें: हिंसा की आग में झुलस रहा बांग्लादेश! मोहम्मद यूनुस के घर में आगजनी, कई जिलों में बम धमाके
प्रधानमंत्री और बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने सांसदों से क्षेत्रों में जाकर अवामी लीग की गतिविधियों का राजनीतिक मुकाबला करने को कहा है. सरकार ने सुरक्षा बल बढ़ाए हैं और संदिग्ध संपर्कों के चलते हजारों पुलिसकर्मियों और नौकरशाहों की जांच बढ़ती गहरी होती दिख रही हैं.
