आजम खान की रिहाई सपा और बीजेपी के लिए मुफीद तो ओवैसी-चंद्रशेखर की क्या बढ़ाएगी टेंशन?

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के बीच सपा के कद्दावर मुस्लिम चेहरा आजम खान की जेल से रिहाई ने सूबे की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. कानूनी मुश्किलों के चलते लंबे समय से आजम खान जेल में रहे और अब जमानत पर बाहर आ गए हैं. आजम भले ही चुनावी मैदान में खुद ...

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की सियासी तपिश के बीच सपा के कद्दावर मुस्लिम चेहरा आजम खान की जेल से रिहाई ने सूबे की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. कानूनी मुश्किलों के चलते लंबे समय से आजम खान जेल में रहे और अब जमानत पर बाहर आ गए हैं. आजम भले ही चुनावी मैदान में खुद किस्मत न आजमा सकें, लेकिन सियासी गतिविधियों में सक्रिय होने के लिए स्वतंत्र हैं.

आजम खान की वापसी को सपा के लिए अहम माना जा रहा है तो असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच बने नए गठजोड़ के लिए भी यह महत्वपूर्ण हो गया है. सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर दोनों नेताओं ने यूपी की राजनीति में दलित-मुस्लिम गठजोड़ बनाने का प्लान तैयार किया है.

सवाल है कि आजम खान की वापसी सूबे की सियासत में क्या गुल खिलाएगी, क्या मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा की पकड़ को नया आधार देगी, ओवैसी-चंद्रशेखर के दलित-मुस्लिम समीकरण वाले दांव पर असर पड़ेगा, और इससे बीजेपी की राजनीति पर क्या प्रभाव पड़ेगा?

सपा के राष्ट्रीय महासचिव आजम खान को 17 नवंबर 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत मिली. हाईकोर्ट ने माना कि उनकी गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और पीएमएलए की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था. इसके बाद 18 नवंबर को आजम खान गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए.

प्रवर्तन निदेशालय ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उनकी रिहाई पर तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया. हालांकि, ईडी के इस मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर निर्धारित है. आजम खान की रिहाई को सभी कानूनी मामलों से मुक्ति नहीं समझा जाना चाहिए, फिलहाल उन्हें अंतरिम जमानत मिली है, लेकिन उनकी वापसी ऐसे समय हुई है, जब यूपी में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म है.

हालांकि, कोर्ट से राहतों के बावजूद आजम की चुनावी अयोग्यता खत्म नहीं हुई है. कोर्ट ने केवल सजा निलंबित की है, लेकिन उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है. आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला के खिलाफ दूसरे मामलों में हुई सजाएं उनके चुनाव लड़ने की राह में बाधा बनी हुई हैं. आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम के जेल से बाहर रहकर चुनाव प्रचार करने की उम्मीदें तो जगी हैं, लेकिन कानूनी अड़चनों के चलते दोनों ही नेता 2027 का चुनाव नहीं लड़ सकेंगे.

सपा के लिए क्यों अहम है आजम की वापसी?

आजम खान समाजवादी पार्टी के उन नेताओं में शामिल रहे हैं, जिन्होंने पार्टी की मुस्लिम राजनीति को लंबे समय तक एक मजबूत पहचान दी. रामपुर उनकी सियासी कर्मभूमि रहा है, लेकिन उनका प्रभाव आसपास के जिलों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों तक माना जाता रहा है. वे सूबे में सबसे बड़े मुस्लिम चेहरा माने जाते हैं और मुस्लिम समुदाय पर उनकी ठीक-ठाक पकड़ रही है. ऐसे में उनकी वापसी सपा के लिए मुफीद मानी जा रही है.

सपा के पुराने मुस्लिम नेतृत्व को एक बार फिर मजबूत राजनीतिक ताकत मिल सकती है. दूसरा, जेल में रहने के दौरान आजम खान के समर्थकों के बीच जो राजनीतिक अनिश्चितता बनी थी, उसे दूर करने का अवसर मिलेगा. पश्चिमी यूपी के रामपुर, मुरादाबाद, संभल, अमरोहा और बिजनौर जैसे जिलों में आजम खान की राजनीतिक सक्रियता बढ़ेगी.

आजम की राजनीतिक ताकत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि जेल में रहने के बावजूद 2024 के लोकसभा चुनाव में रामपुर और मुरादाबाद की टिकटों को लेकर उनकी पसंद और भूमिका चर्चा में रही थी. ऐसे में रामपुर में उम्मीदवार चयन को लेकर भी उनका रुख पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता रहा है. 2027 के चुनाव से पहले आजम की वापसी सपा के मुस्लिम वोटबैंक को मजबूत बनाए रखने में मददगार साबित हो सकती है, लेकिन राजनीतिक चुनौती भी खड़ी होगी.

आजम खान की जेल से वापसी सपा के लिए भले ही खुशी की बात दिख रही हो, लेकिन यह पार्टी नेतृत्व के लिए चिंता का विषय भी बन सकती है. आजम लंबे समय तक सपा के सबसे प्रभावशाली मुस्लिम नेताओं में रहे हैं. उनके जेल जाने के बाद पार्टी में मुस्लिम लीडरशिप को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं होती रही हैं. इस दौरान अखिलेश यादव ने PDA की राजनीति को आगे बढ़ाया और पार्टी में नए सामाजिक समीकरणों को स्थापित करने की कोशिश की.

अब आजम की वापसी के बाद सवाल यह है कि उन्हें पार्टी में किस तरह की राजनीतिक भूमिका दी जाएगी? क्या आजम खान पहले की तरह रामपुर और पश्चिमी यूपी में टिकट वितरण और संगठन से जुड़े फैसलों में प्रभावशाली भूमिका निभाएंगे? क्या अखिलेश यादव उन्हें प्रदेशव्यापी प्रचार की जिम्मेदारी देंगे? और क्या दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक तालमेल पहले जैसा रहेगा?

इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में सामने आएंगे. यूपी के चुनाव को अखिलेश अपने पीडीए के जरिए जाति की पिच पर ले आए हैं, लेकिन बीजेपी उसे धर्म के एजेंडे पर ले जाना चाहती है. ऐसे में आजम खान को सपा आगे बढ़ाती है तो बीजेपी फिर से उनके जरिए धार्मिक ध्रुवीकरण का दांव चलेगी, जो सपा की पूरी रणनीति पर पानी फेर सकता है. हालांकि, जेल से रिहा होते ही आजम संविधान और न्याय की बात करते नजर आए.

ओवैसी के लिए क्यों बढ़ सकती है चुनौती?

आजम खान की रिहाई का दूसरा बड़ा राजनीतिक पहलू असदुद्दीन ओवैसी की राजनीति से जुड़ा है. ओवैसी लंबे समय से उत्तर प्रदेश में मुस्लिम राजनीतिक नेतृत्व के लिए सपा को चुनौती देते रहे हैं. उनका तर्क रहा है कि मुस्लिमों को केवल चुनावी गणित का हिस्सा बनाने के बजाय उन्हें राजनीतिक प्रतिनिधित्व और नेतृत्व में भी उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए.

ओवैसी कई मौकों पर आजम खान के मुद्दे को उठाकर सपा नेतृत्व पर सवाल खड़े करते रहे हैं. अक्टूबर 2026 में रामपुर के टांडा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा में उन्होंने आजम खान के समर्थन में बयान दिए थे और अखिलेश यादव पर निशाना साधा था. मेरठ की रैली में भी आजम खान के बहाने सपा की मुस्लिम सियासत पर सवाल खड़े किए थे. इसके बाद अखिलेश को रामपुर जाकर जेल में आजम खान से मुलाकात करनी पड़ी थी.

आजम खान का मामला केवल एक वरिष्ठ नेता की रिहाई तक सीमित नहीं है, बल्कि मुस्लिम नेतृत्व की राजनीतिक दावेदारी से भी जुड़ा है. अब आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद ओवैसी के सामने एक अलग परिस्थिति होगी. वह अब आजम के साथ हुए घटनाक्रम को उठाकर सपा पर सवाल खड़े करने के साथ-साथ उनकी राजनीतिक वापसी पर भी अपनी प्रतिक्रिया देंगे.

हालांकि, ओवैसी की राजनीति केवल आजम खान के मुद्दे पर आधारित नहीं है. वह सियासी प्रतिनिधित्व, मुस्लिम समाज से जुड़े सवालों और अपनी पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर भी लगातार सक्रिय रहे हैं. ऐसे में आजम की वापसी से उनकी राजनीति के सामने चुनौती खड़ी होगी, जो सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के दलित-मुस्लिम समीकरण के मंसूबों पर पानी फेर सकती है.

2027 के चुनाव से पहले यूपी की राजनीति में दो सामाजिक-राजनीतिक अवधारणाओं के बीच प्रतिस्पर्धा दिखाई दे रही है. अखिलेश का PDA फॉर्मूला है, जिसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों को साथ लाने की कोशिश हो रही है. वहीं, ओवैसी और चंद्रशेखर का सामाजिक परिवर्तन मोर्चा है, जो मुस्लिम और दलित राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मुद्दे को आगे बढ़ा रहा है.

आजम खान की वापसी इस राजनीतिक बहस में सपा को एक नया चेहरा देती है. वह लंबे समय से मुस्लिम राजनीति में सक्रिय रहे हैं और उनका राजनीतिक अनुभव भी पुराना है. उनकी रिहाई से सपा के लिए अपने मुस्लिम वोटों पर पकड़ बनाए रखने में जरूर मदद मिलेगी, लेकिन आजम की वापसी का असर इस बात से तय होगा कि वह अपने सियासी प्रभाव को किस हद तक व्यापक मुद्दों और संगठनात्मक सक्रियता में बदल पाते हैं.

आजम खान की वापसी का असर भाजपा की रणनीति पर भी पड़ सकता है. बीजेपी लंबे समय से आजम खान और उनके परिवार से जुड़े कानूनी मामलों को लेकर सपा पर राजनीतिक हमले करती रही है. अब आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद पार्टी के सामने उनके बयानों और राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिक्रिया देने की परिस्थिति होगी.

दूसरी ओर आजम खान की सक्रियता से जुड़े मुद्दों को भाजपा अपने राजनीतिक विमर्श में शामिल कर सकती है. आजम खान मुस्लिमों के मुद्दे पर आक्रामक तरीके से अपनी बात रखते रहे हैं. ऐसे में बीजेपी जिस तरह से मथुरा का मुद्दा उठा रही है और यूपी चुनाव को जाति से धर्म की पिच पर लाने की कवायद में है, उसमें आजम खान को भी अपने निशाने पर रखेगी.

2027 के चुनाव में आजम खान की भूमिका केवल सपा और मुस्लिम राजनीति तक सीमित नहीं रह सकती. ऐसे में उनके बयानों और राजनीतिक गतिविधियों पर भाजपा की प्रतिक्रियाएं भी चुनावी विमर्श का हिस्सा बन सकती हैं. बीजेपी पहले भी आजम खान के जरिए सियासी माहौल बनाती रही है. ऐसे में आजम खान की रिहाई के बाद अब सबसे ज्यादा निगाहें उनकी अगली सियासी चाल पर हैं.

आजम खान की रिहाई ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया अध्याय खोल दिया है. अब मुकाबला केवल दलों के बीच नहीं, बल्कि सामाजिक समीकरणों के बीच भी दिखाई देगा. आजम खान इस बदलते राजनीतिक परिदृश्य में कितनी बड़ी भूमिका निभाते हैं, यह उनकी अगली राजनीतिक गतिविधियों और अखिलेश यादव के साथ उनके तालमेल से तय होगा और बीजेपी कैसे आजम खान की वापसी पर अपनी सियासत करती है, यह देखना होगा.

Original Source
https://www.aajtak.in/elections/assembly-chunav/story/azam-khan-impact-samajwadi-party-owaisi-chandrashekhar-muslim-bjp-up-politics-2027-ntcpkb-dskc-2700571-2026-11-19?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in Technology