ट्रंप के सांसद ने रूसी हथियारों को बताया 'कबाड़', कहा- हमसे खरीदे भारत
अमेरिकी कांग्रेस के एक सदस्य ने सुझाव दिया है कि भारत को अपने "पुराने और बेकार रूसी कबाड़" की जगह अमेरिकी हथियार प्रणालियों को अपनाना चाहिए, और साथ ही यूरोपीय एयरबस इंडस्ट्री के विमानों के बजाय बोइंग विमानों को चुनना चाहिए. अमेरिका के रिपब्लिकन सांसद माइकल बॉमगार्टनर ने भारत को यह सलाह दी है. उन्होंने भारत के रूसी हथियारों को 'लेगेसी इनइफेक्टिव रशियन जंक' यानी पुराने और अप्रभावी रूसी कबाड़ तक कह दिया.
वॉशिंगटन राज्य से रिपब्लिकन सांसद बॉमगार्टनर ने बुधवार को अमेरिकी संसद कैपिटल हिल में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान ये टिप्पणियां कीं. इस कार्यक्रम में भारतीय दूतावास की डिप्टी चीफ ऑफ मिशन नमग्या खम्पा भी मौजूद थीं. बॉमगार्टनर अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति के सदस्य हैं.
बॉमगार्टनर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने बयान में कहा कि भारत को अपने पुराने और अप्रभावी रूसी हथियारों की जगह अमेरिकी हथियार प्रणालियां खरीदनी चाहिए. उन्होंने बोइंग के विमानों को एयरबस से बेहतर बताते हुए भारत को अमेरिकी विमान खरीदने की भी सलाह दी. इतना ही नहीं, उन्होंने अमेरिका के पलाउस इलाके में पैदा होने वाली दालों के निर्यात का भी जिक्र किया.
उन्होंने कहा कि वेपन सिस्टम से लेकर बोइंग विमानों और अमेरिकी दालों तक भारत को जितना ज्यादा अमेरिकी निर्यात होगा, वह दोनों देशों के लिए उतना ही बेहतर होगा.
हाउस फॉरेन अफेयर्स कमिटी के सदस्य के रूप में बॉमगार्टनर ने बताया कि वे भारतीय दूतावास के राजनयिकों के साथ नियमित रूप से बातचीत करते हैं, क्योंकि दोनों देश आर्थिक और सुरक्षा मुद्दों पर अपने संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहे हैं.
बॉमगार्टनर ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "मुझे एक बार फिर अपनी यह बात दोहराते हुए खुशी हो रही है कि भारत को अमेरिका से जितना अधिक निर्यात होगा - चाहे वह हथियारों के ऐसे सिस्टम हों जो रूस के पुराने और बेकार हो चुके हथियारों की जगह ले सकें, एयरबस से बेहतर बोइंग विमान हों, या फिर 'पालूस' (Palouse) की दुनिया की सबसे बेहतरीन दालें हों यह हमारे दोनों महान देशों के लिए उतना ही अच्छा होगा."
दरअसल भारत और अमेरिका के बीच रक्षा और व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने की कोशिशें जारी हैं. हालांकि भारत लंबे समय से रूस से बड़े पैमाने पर हथियार खरीदता रहा है. भारतीय रक्षा जरूरतों में रूसी लड़ाकू विमान, मिसाइल सिस्टम और अन्य सैन्य उपकरण अहम भूमिका निभाते हैं. भारत और रूस मिलकर ब्रह्मोस मिसाइल का प्रोडक्शन करते हैं.
ऐसे में अमेरिकी सांसद की यह टिप्पणी बताती है कि अमेरिका भारत के डिफेंस बाजार में ज्यादा से ज्यादा कब्जा करने के लिए बेचैन है.
बॉमगार्टनर ने अपने गृह राज्य वॉशिंगटन में दिवाली समारोह के दौरान हुई एक घटना का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कुछ नस्लवादी और ध्यान आकर्षित करने की कोशिश करने वाले लोगों ने दिवाली समारोह में व्यवधान पैदा किया था. इसके बाद कैपिटल हिल में आयोजित दिवाली कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें खुशी हुई.


