कानपुर का हाई-प्रोफाइल संभव खंडेलवाल डेथ केस: पहले जिसे हादसा मान रही थी पुलिस, अब उसमें हत्या की धारा जुड़ी; गर्लफ्रेंड पर शिकंजा

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
कानपुर के रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में छठी मंजिल से गिरकर जान गंवाने वाले कागज कारोबारी के इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में अब हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है. चार दिन बाद मृतक के पिता विशाल खंडेलवाल ने बिठूर थाने में शिकायत देकर उसकी महिला मित्र, उसके मामा और परिवार के अन...

कानपुर के रुद्राग्रीन अपार्टमेंट में छठी मंजिल से गिरकर जान गंवाने वाले कागज कारोबारी के इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में अब हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ है. चार दिन बाद मृतक के पिता विशाल खंडेलवाल ने बिठूर थाने में शिकायत देकर उसकी महिला मित्र, उसके मामा और परिवार के अन्य सदस्यों को नामजद किया है. उनका दावा है कि बेटे को पहले भी धमकाया गया था. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित हत्या बताते हुए आरोपियों पर घटना को हादसे का रूप देने का आरोप लगाया है.

कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल की गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग के नाम से कारोबारी फर्म है. परिवार में पत्नी प्रीति, विवाहित बेटी काव्या और 22 वर्षीय बेटा संभव था. पिता के अनुसार, 14 नवंबर को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे संभव त्योहार के मौके पर दोस्तों से मिलने की बात कहकर कार से घर से निकला था.

कुछ घंटे बाद शाम करीब 4:05 बजे उनके पास फोन आया. कॉल रुद्राग्रीन अपार्टमेंट के टावर-2 में रहने वाले प्रवीण उडानी ने संभव के मोबाइल से की थी. उन्होंने बताया कि संभव अपार्टमेंट की बालकनी से नीचे गिर गया है और घायल हो गया है. सूचना मिलते ही परिजन सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल पहुंचे, जहां संभव की मौत हो चुकी थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर 13 चोटें मिलने और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत की वजह बताया गया.

विशाल खंडेलवाल ने अपनी शिकायत में बताया कि दीपावली के मौके पर संभव प्रवीण उडानी के घर गया था. अस्पताल में उस समय प्रवीण, उनकी बहन, भांजी सुहाना और उसका बेटा मौजूद थे. घटना को लेकर पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि संभव फ्लैट में बच्चे के साथ वॉलीबॉल खेल रहा था. इसी दौरान वह बालकनी की तरफ चला गया. वहां दीपकों का तेल फैला होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह करीब तीन फीट ऊंची रेलिंग पार करते हुए नीचे जा गिरा.

पिता का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित परिवार ने पुलिस को तत्काल इसकी सूचना नहीं दी. साथ ही, परिवार के अलग-अलग सदस्यों से जानकारी लेने पर उनके बयानों में अंतर सामने आया. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने बेटे की मौत को सामान्य हादसा मानने पर सवाल उठाए हैं.

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि सुहाना के मामा प्रवीण उडानी का पिछले महीने संभव से विवाद हुआ था. इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और दोबारा अपार्टमेंट आने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी. विशाल खंडेलवाल का आरोप है कि इसी रंजिश में बेटे को वहां बुलाकर उसकी हत्या की गई और बाद में पूरी घटना को दुर्घटना दिखाने की कोशिश हुई.

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बावजूद संभव का चश्मा, मोबाइल और घड़ी क्षतिग्रस्त नहीं हुए. पिता ने मृतक के मोबाइल फोन के साथ भी छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया है.

वहीं, पुलिस अब तक उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना को दुर्घटना मान रही थी. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, घटनास्थल से संबंधित सीसीटीवी फुटेज मिला है, जिसमें संभव के ऊंचाई से नीचे गिरने की बात सामने आती है. करीब 70 फीट की ऊंचाई से पीठ के बल गिरने के कारण उसका सिर नहीं फटा था, लेकिन पसलियां टूटकर हार्ट और लिवर में जा घुसी थीं. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हुआ था.

हालांकि, अब मृतक के पिता की शिकायत पर महिला मित्र, उसके मामा और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच की जा रही है.

Original Source
https://www.aajtak.in/crime/news/story/kanpur-sambhav-khandelwal-death-case-twist-fir-against-girlfriend-and-her-family-lclam-rptc-2700726-2026-11-19?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World