ठंड में छत डालना सही या गर्मियों में? राजमिस्त्री की ये बात जरूर जान लें

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
अपना घर बनवाना हर किसी का सपना होता है. इसके लिए लोग अपनी जिंदगी की जमा-पूंजी लगा देते हैं. मकान बनवाते समय छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि निर्माण के दौरान हुई एक गलती आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है. खासकर जब बात घर की छत डालने की हो, तो सीमेंट, बालू, ग...

अपना घर बनवाना हर किसी का सपना होता है. इसके लिए लोग अपनी जिंदगी की जमा-पूंजी लगा देते हैं. मकान बनवाते समय छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना भी बेहद जरूरी है, क्योंकि निर्माण के दौरान हुई एक गलती आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है. खासकर जब बात घर की छत डालने की हो, तो सीमेंट, बालू, गिट्टी और पानी के साथ मौसम का भी ध्यान रखना पड़ता है.

अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि सर्दियों में छत की ढलाई करवाना बेहतर है या गर्मियों में? कुछ राजमिस्त्री गर्मियों को अच्छा बताते हैं, तो कुछ का कहना है कि ठंड में कंक्रीट की पकड़ बेहतर बनती है. लेकिन क्या वाकई मौसम बदलने से छत की मजबूती पर फर्क पड़ता है? क्या दिसंबर और जनवरी में छत डलवाने से मकान कमजोर हो सकता है?

दरअसल, छत की मजबूती सिर्फ इस बात पर निर्भर नहीं करती कि ढलाई किस मौसम में हुई है. इसमें सीमेंट और कंक्रीट का सही अनुपात, पानी की मात्रा, अच्छी तरह मिक्सिंग, कंक्रीट की सही तरीके से भराई और तराई यानी क्योरिंग की बड़ी भूमिका होती है. आइए आसान भाषा में समझते हैं कि सर्दियों और गर्मियों में छत डालते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

सर्दियों में छत डालना सही है या नहीं? राजमिस्त्री अनिल साह ने बताया कि सर्दियों में घर की छत डलवाना गलत नहीं है. अगर आपके इलाके में सामान्य ठंड है और तापमान बहुत नीचे नहीं जा रहा है, तो इस मौसम में भी अच्छी क्वालिटी की छत तैयार की जा सकती है. दरअसल, कंक्रीट में सीमेंट और पानी मिलने के बाद एक रासायनिक प्रक्रिया शुरू होती है. इसे हाइड्रेशन कहते हैं. इसी प्रक्रिया से कंक्रीट धीरे-धीरे सख्त होता है और मजबूती हासिल करता है.

सर्दियों में तापमान कम होने के कारण यह प्रक्रिया धीमी हो जाती है. इसका मतलब है कि कंक्रीट को मजबूती हासिल करने में गर्मियों के मुकाबले ज्यादा समय लग सकता है. इसलिए ठंड में छत डालने के बाद जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए.

अगर रात में तापमान बहुत नीचे चला जाता है, तो शुरुआती दिनों में कंक्रीट को ठंड से बचाना भी जरूरी होता है. बहुत ज्यादा ठंड या पाले की स्थिति में कंक्रीट की सतह को नुकसान पहुंच सकता है. ऐसी स्थिति में इंजीनियर की सलाह से ढलाई और उसकी सुरक्षा का इंतजाम करना चाहिए.

बहुत ज्यादा ठंड में न करवाएं ढलाई अगर आपके इलाके में तापमान बहुत कम है और रात में पाला पड़ रहा है, तो बिना तैयारी के छत की ढलाई नहीं करवानी चाहिए. ठंड में कंक्रीट की मजबूती हासिल करने की रफ्तार धीमी हो जाती है. इसलिए जरूरत पड़ने पर कंक्रीट को ढककर रखना और उचित तापमान बनाए रखना जरूरी है. इंजीनियरिंग मानकों में 5 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर कंक्रीट डालने के लिए विशेष सावधानियां बताई गई हैं. ऐसी स्थिति में सामान्य तरीके से ढलाई करना सही नहीं है.

कंक्रीट में जरूरत से ज्यादा पानी न मिलाएं कुछ लोग सोचते हैं कि सर्दियों में कंक्रीट जल्दी नहीं सूखता, इसलिए उसमें थोड़ा ज्यादा पानी मिला सकते हैं. लेकिन यह बड़ी गलती है. कंक्रीट में जरूरत से ज्यादा पानी मिलाने से उसकी मजबूती और टिकाऊपन पर असर पड़ सकता है. इससे बाद में दरारें आने और पानी के रिसाव जैसी परेशानियां भी हो सकती हैं. इसलिए पानी की मात्रा इंजीनियर की ओर से तय किए गए मिक्स डिजाइन के हिसाब से ही रखें.

छत की तराई में लापरवाही न करें मिस्त्री ने बताया कि सर्दियों में कई लोग सोचते हैं कि ठंड है, इसलिए छत पर पानी डालने की जरूरत कम है. लेकिन ऐसा नहीं है. कंक्रीट को मजबूत बनाने के लिए नमी बनाए रखना जरूरी है. छत की ढलाई के बाद सही समय पर क्योरिंग शुरू करनी चाहिए. इसके लिए छत पर पानी रोककर रखा जा सकता है या उसे लगातार गीले कपड़े से ढककर रखा जा सकता है.

ढलाई के बाद जल्दबाजी में शटरिंग न हटाएं छत डालने के बाद कुछ लोग जल्द ही नीचे लगी बल्लियां और शटरिंग हटाने लगते हैं. ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. कंक्रीट को पर्याप्त मजबूती हासिल करने का समय देना जरूरी है. शटरिंग और सपोर्ट कब हटाना है, यह छत के आकार, स्पैन, कंक्रीट की मजबूती और इंजीनियर की सलाह पर निर्भर करता है.

गर्मियों में छत डालने के क्या फायदे और नुकसान हैं? गर्मियों में भी छत की ढलाई की जा सकती है. लेकिन इस मौसम में सबसे बड़ी परेशानी तेज धूप और गर्म हवा होती है. गर्मी के कारण कंक्रीट में मौजूद पानी तेजी से उड़ने लगता है. इससे कंक्रीट की सतह जल्दी सूख सकती है. अगर समय पर सही तरीके से देखभाल नहीं की गई, तो सतह पर छोटी-छोटी दरारें पड़ने का खतरा रहता है.

इसके अलावा गर्म मौसम में सीमेंट जल्दी प्रतिक्रिया करता है. इससे कंक्रीट जल्दी जमने लगता है और मजदूरों को उसे फैलाने, सही तरीके से बैठाने और वाइब्रेटर से कॉम्पैक्ट करने के लिए कम समय मिल सकता है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि गर्मियों में छत डालना गलत है. अगर सही इंतजाम किए जाएं, तो इस मौसम में भी मजबूत छत बनाई जा सकती है.

सुबह या शाम के समय ढलाई करवाएं गर्मी में दोपहर के समय तापमान काफी ज्यादा हो सकता है. ऐसे में सुबह जल्दी या शाम के समय ढलाई करवाना बेहतर रहता है. इससे तेज धूप और गर्म हवा का असर कम किया जा सकता है.

सीमेंट, बालू और गिट्टी को धूप से बचाएं ढलाई में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को लंबे समय तक तेज धूप में रखने से बचना चाहिए. गर्म सामग्री से कंक्रीट का तापमान बढ़ सकता है. इसलिए जहां संभव हो, बालू और गिट्टी को छाया में रखें.

ढलाई के बाद क्योरिंग जरूर करें गर्मियों में कंक्रीट से पानी तेजी से उड़ता है. ऐसे में तराई की अहमियत और बढ़ जाती है. छत की सतह को सूखने से बचाना चाहिए और सही समय पर लगातार क्योरिंग करनी चाहिए.

कंक्रीट में ऊपर से पानी न मिलवाएं कई बार कंक्रीट गर्मी में जल्दी सख्त होने लगता है, तो मजदूर उसे दोबारा पतला करने के लिए ऊपर से पानी डाल देते हैं. ऐसा करने से बचना चाहिए. कंक्रीट की वर्केबिलिटी बनाए रखने के लिए सही मिक्स डिजाइन और जरूरत पड़ने पर इंजीनियर की सलाह से स्वीकृत एडमिक्सचर का इस्तेमाल करना चाहिए.

छत की मजबूती के लिए कितने दिन तक करें तराई? मकान की छत डालने के बाद उसकी तराई यानी क्योरिंग सबसे जरूरी कामों में से एक है. इसी दौरान कंक्रीट को पर्याप्त नमी मिलती है, जिससे सीमेंट की रासायनिक प्रक्रिया सही तरीके से चलती रहती है.

भारतीय मानक IS 456 के मुताबिक, सामान्य पोर्टलैंड सीमेंट (OPC) से बने कंक्रीट को कम से कम 7 दिन तक नम रखना चाहिए. वहीं PPC और दूसरे ब्लेंडेड सीमेंट के मामले में कम से कम 10 दिन तक क्योरिंग की जरूरत होती है. गर्म और शुष्क मौसम में यह अवधि और बढ़ानी पड़ सकती है. इसलिए सिर्फ दो-तीन दिन पानी डालकर तराई बंद न करें. सीमेंट के प्रकार और मौसम के हिसाब से सही अवधि का पालन करें.

तो आखिर छत डालने का सबसे अच्छा मौसम कौन सा है? सामान्य और अनुकूल तापमान में दोनों मौसमों में छत डाली जा सकती है. सर्दियों में बहुत ज्यादा ठंड और पाले से बचाव जरूरी है, जबकि गर्मियों में तेज धूप, गर्म हवा और पानी के तेजी से उड़ने पर ध्यान देना पड़ता है. अगर आपके इलाके में सर्दियों में तापमान बहुत नीचे नहीं जाता, तो इस मौसम में भी छत की ढलाई करवा सकते हैं. वहीं गर्मियों में सुबह या शाम के समय ढलाई और अच्छी क्योरिंग से बेहतर नतीजे मिल सकते हैं.

छत मजबूत बनाने का असली राज सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि सही मिक्सिंग, अच्छी क्वालिटी का कंक्रीट, सही वाइब्रेशन और समय पर तराई है. इसलिए सिर्फ राजमिस्त्री की बात सुनकर फैसला न लें. छत की ढलाई से पहले किसी योग्य सिविल इंजीनियर से मिक्स डिजाइन और निर्माण की प्रक्रिया जरूर समझ लें.

Original Source
https://www.aajtak.in/information/story/winter-construction-tips-best-time-for-roof-casting-winter-or-summer-rttw-dskc-2701229-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World