राजस्थान में छोटे दलों ने बिगाड़ा बीजेपी का खेल? पंचायत चुनाव के नतीजों से निकला संदेश समझिए

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
राजस्थान के पंचायत चुनाव में बीजेपी को ऐसा झटका लगा है, जिसकी उम्मीद शायद पार्टी ने नहीं की थी. कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक बेहतर प्रदर्शन किया. दूसरी तरफ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) जैसे छोटे दलों ने भी ग्रामीण इलाकों में...

राजस्थान के पंचायत चुनाव में बीजेपी को ऐसा झटका लगा है, जिसकी उम्मीद शायद पार्टी ने नहीं की थी. कांग्रेस ने जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक बेहतर प्रदर्शन किया. दूसरी तरफ राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) जैसे छोटे दलों ने भी ग्रामीण इलाकों में अपनी ताकत दिखाई. कई जगह इन दलों की मौजूदगी ने चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के इलाकों में बीजेपी को हार मिली. ऐसे में सवाल है कि क्या छोटे दलों ने बीजेपी का खेल बिगाड़ा या कांग्रेस की जीत के पीछे कोई बड़ा सियासी बदलाव है?

जिला परिषद की 37 सीटों के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कांग्रेस 27 सीटों पर आगे है. इनमें से 23 सीटों पर वह जीत दर्ज कर चुकी है. बीजेपी 6 सीटों पर आगे है और इनमें से 5 सीटें जीत चुकी है. आरएलपी ने नागौर में जीत हासिल की है.

कुछ जिलों में जिला परिषद के नतीजों ने अलग राजनीतिक तस्वीर दिखाई है.

राजस्थान पंचायत चुनाव में कौन आगे, कौन पीछे? 

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत समिति सदस्य की कुल 7,543 सीटों पर चुनाव हुआ है. इनमें से 7,520 सीटों के रुझान सामने आए हैं. इन रुझानों में कांग्रेस बीजेपी से 1,545 सीटों पर आगे चल रही थी. आरएलपी 497 सीटों पर बढ़त के साथ तीसरे नंबर पर थी, जबकि निर्दलीय उम्मीदवार 662 सीटों पर आगे थे.

जिला परिषद सदस्य के चुनाव में भी कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले बड़ी बढ़त बनाई. कुल 1,275 सीटों में से 1,271 सीटों के रुझान सामने आए. इन रुझानों में कांग्रेस बीजेपी से 437 सीटों पर आगे थी. आरएलपी और बीएपी के उम्मीदवार भी कई सीटों पर बढ़त बनाए हुए थे.

पिछले पंचायत चुनाव में तस्वीर अलग थी. अशोक गहलोत सरकार के दौरान बीजेपी ने 29 जिला परिषदों में से 16 पर बोर्ड बनाया था. कांग्रेस को केवल 10 में जीत मिली थी. इस बार नतीजे कांग्रेस के पक्ष में रहे.

UGC के मुद्दे ने भी बढ़ाई बीजेपी की मुश्किल?

इस चुनाव में UGC का मुद्दा भी चर्चा में रहा. पंचायत चुनाव के बीच रविंद्र सिंह भाटी की UGC विरोधी रैली हुई. चुनावी विश्लेषण में इसे बीजेपी के लिए नुकसान की एक वजह माना जा रहा है. माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर नाराजगी का असर पार्टी के कुछ वोटरों पर पड़ा.

कांग्रेस ने एससी, जाट, गुर्जर और मीणा समुदाय के साथ राजपूत वोट बैंक में भी अपनी पकड़ बनाने की कोशिश की. वहीं, RLP के हनुमान बेनीवाल और BAP के राजकुमार रोत ने ग्रामीण इलाकों में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई. इससे कई जगह मुकाबला कांग्रेस और बीजेपी तक सीमित नहीं रहा.

बीजेपी के लिए चिंता की बात यह है कि पार्टी को कई बड़े नेताओं के इलाकों में भी हार मिली. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर की पंचायत समिति में RLP ने जीत दर्ज की. उनके गृह क्षेत्र भरतपुर में कांग्रेस को सफलता मिली. इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के जोधपुर, अर्जुन राम मेघवाल के बीकानेर और भूपेंद्र यादव के अलवर में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा. शहरी विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पत्नी और दोनों बेटे भी चुनाव हार गए. उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के झोटवाड़ा में बीजेपी को सिर्फ एक सीट मिली.

इसके उलट, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के सीकर और सचिन पायलट के टोंक में पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया.

इन चुनावों में कांग्रेस और बीजेपी के अलावा छोटे दलों का प्रदर्शन भी चर्चा में है. पंचायत समिति चुनाव में RLP के 497 और BAP के 278 उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. जिला परिषद चुनाव में RLP 51 और BAP 43 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. इससे ग्रामीण इलाकों में इन दलों की मौजूदगी का पता चलता है.

मेवाड़ और मारवाड़ में भी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया. जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा में कांग्रेस ने जिला प्रमुख की सीट पर वापसी की. अजमेर बीजेपी के खाते में गया, जबकि उदयपुर में पार्टी बाल-बाल बची. चित्तौड़गढ़, सिरोही, राजसमंद और जालौर जैसे बीजेपी के मजबूत माने जाने वाले इलाकों में भी कांग्रेस ने अच्छी जीत दर्ज की.

इन नतीजों से साफ है कि ग्रामीण राजस्थान में बीजेपी के सामने चुनौती बढ़ी है. कांग्रेस की जीत के साथ छोटे दलों का उभार भी इस चुनाव का अहम संदेश है. हालांकि, बीजेपी की हार के पीछे सिर्फ छोटे दलों या UGC के मुद्दे को वजह मानना सही नहीं होगा. वोटरों के रुख, स्थानीय नाराजगी और कांग्रेस की बढ़त - इन सभी पहलुओं ने चुनावी नतीजों को प्रभावित किया है.

Original Source
https://www.aajtak.in/rajasthan/story/rajasthan-panchayat-election-2026-congress-bjp-victory-seat-wise-results-ntc-dhrj-dskc-2701809-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World