Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी के लिए सड़क पर उतरेंगे Uber फाउंडर, उन्हें भी किया गया था कंपनी से बाहर

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
Uber के को-फाउंडर ट्रैविस कैलनिक ने Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की वापसी के लिए कंपनी के मुख्यालय पर कर्मचारियों के साथ प्रदर्शन करने की बात कही है. एलॉन मस्क और OpenAI के हेड सैम ऑल्टमैन समेत कई बड़े नाम भी हुआंग के समर्थन में बोल चुके हैं. लेकिन एनवीडिया का बोर्ड फिलहाल उन्...

Uber के को-फाउंडर ट्रैविस कैलनिक ने Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग की वापसी के लिए कंपनी के मुख्यालय पर कर्मचारियों के साथ प्रदर्शन करने की बात कही है. एलॉन मस्क और OpenAI के हेड सैम ऑल्टमैन समेत कई बड़े नाम भी हुआंग के समर्थन में बोल चुके हैं. लेकिन एनवीडिया का बोर्ड फिलहाल उन्हें वापस लाने के मूड में नहीं है. दिलचस्प ये है कि ट्रैविस कैलनिक खुद ही अपनी कंपनी Uber से बाहर किए गए थे. 

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया इन दिनों अपने कारोबार या किसी नए चिप की वजह से नहीं, बल्कि अपने CEO को लेकर चर्चा में है. कंपनी के पूर्व प्रमुख जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद अब उन्हें वापस लाने की मुहिम तेज हो गई है. इस मुहिम में अब Uber के सह-संस्थापक ट्रैविस कैलनिक भी शामिल हो गए हैं. उन्होंने यहां तक कह दिया है कि वह एनवीडिया के मुख्यालय पहुंचकर कर्मचारियों और दूसरे कारोबारियों के साथ प्रदर्शन करेंगे.

कैलनिक का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि वह खुद एक समय अपनी ही बनाई कंपनी Uber से बाहर हुए थे. अब वह एक दूसरी बड़ी टेक कंपनी के फाउंडर को वापस लाने की लड़ाई में उतरने की बात कर रहे हैं.

सवाल है कि आखिर हुआंग की वापसी के लिए इतने बड़े कारोबारी क्यों आवाज उठा रहे हैं और क्या Nvidia का बोर्ड अपना फैसला बदल सकता है?

ट्रैविस कैलनिक ने यह बात अमेरिका के ऑस्टिन में हुए TomorrowX Summit के दौरान कही. निवेशक एंटोनियो ग्रेसियास के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि वह एनवीडिया के मुख्यालय पहुंचेंगे. उनके साथ कंपनी के कर्मचारी, CEO और दूसरे संस्थापक भी हो सकते हैं. कैलनिक ने मजाकिया अंदाज में एक ऐसे मेगाफोन का जिक्र किया, जिस पर सिलिकॉन वेफर लगे होंगे. सिलिकॉन वेफर वही पतली प्लेट होती है, जिस पर चिप बनाने की प्रक्रिया होती है.

कैलनिक ने साफ कहा कि वह जेनसन हुआंग को वापस लाने की कोशिश करना चाहते हैं. उनका कहना है कि सिर्फ ऑनलाइन याचिका से बात नहीं बनेगी, कर्मचारियों को भी अपनी आवाज उठानी चाहिए. उन्होंने हुआंग की स्थिति की तुलना Uber से अपने जाने के समय से भी की.

कैलनिक ने कहा कि उन्होंने हुआंग को साल 2017 की खबरों के स्क्रीनशॉट भेजे थे, जब Uber से उनके जाने के बाद उन्हें वापस लाने के लिए भी एक याचिका शुरू हुई थी. उस समय कैलनिक ने कंपनी के ऑफिस के माहौल से जुड़ी शिकायतों और निवेशकों के दबाव के बीच CEO पद छोड़ा था. उन्होंने इस बार कहा कि याचिका अच्छी है, लेकिन कर्मचारियों का प्रदर्शन उससे ज्यादा असरदार हो सकता है.

कैलनिक अकेले ऐसे कारोबारी नहीं हैं जो हुआंग की वापसी चाहते हैं. Tesla और SpaceX के हेड एलन मस्क ने भी इस मामले में उनका समर्थन किया है. मस्क ने हुआंग को हटाने की तुलना उस समय किसी बास्केटबॉल टीम से माइकल जॉर्डन को निकालने से की, जब टीम लगातार जीत रही हो. उन्होंने यह भी कहा कि वह हुआंग को अपनी कंपनी में काम करने का मौका देना चाहेंगे.

OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने भी कहा कि जेनसन हुआंग के बिना AI इंडस्ट्री की कल्पना करना मुश्किल है. OpenAI के प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन और Anduril के संस्थापक पामर लकी ने भी उनके समर्थन में बयान दिए हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग को वापस लाने की ऑनलाइन याचिका पर 2 लाख से ज्यादा लोगों के हस्ताक्षर हो चुके हैं. इससे पता चलता है कि यह मामला सिर्फ एनवीडिया के कर्मचारियों या निवेशकों तक नहीं रह गया है. 

आखिर क्यों जेनसन हुआंग की वापसी चाहते हैं टेक जगत के बड़े नाम?

इसका जवाब Nvidia की AI इंडस्ट्री में अहम भूमिका में छिपा है. आज ChatGPT जैसे AI मॉडल से लेकर बड़े डेटा सेंटर तक, इन सबको चलाने के लिए बहुत ज्यादा कंप्यूटिंग ताकत चाहिए. एनवीडिया के GPU यानी ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट इस काम में अहम भूमिका निभाते हैं. दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियां अपने AI सिस्टम को ट्रेन करने और चलाने के लिए एनवीडिया के चिप इस्तेमाल करती हैं.

जेनसन हुआंग ने 1993 में Nvidia की शुरुआत की थी. उन्होंने कंपनी को गेमिंग ग्राफिक्स चिप बनाने वाली कंपनी से AI कंप्यूटिंग की दुनिया के बड़े नामों में बदलने में अहम भूमिका निभाई. उनकी पहचान सिर्फ एक CEO की नहीं, बल्कि कंपनी की तकनीक, कारोबार और फ्यूचर की दिशा तय करने वाले चेहरे की भी रही है.

इसी वजह से उनके समर्थकों को लगता है कि इतने अहम समय पर उनका कंपनी से जाना एनवीडिया और अमेरिका की AI स्ट्रैटिजी के लिए नुकसानदायक हो सकता है. कैलनिक का भी तर्क है कि AI इंसानों के काम आना चाहिए, न कि इंसानों पर हावी होना चाहिए. उनके मुताबिक, हुआंग ऐसे लोगों में हैं जो AI को इंसानों के हित में आगे बढ़ा सकते हैं.

जेनसन हुआंग ने भी पद छोड़ने के बाद पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी वापसी को लेकर बात की थी. उन्होंने कहा कि अगर एनवीडिया का बोर्ड यह मानता है कि उनका लौटना कंपनी, कर्मचारियों, निवेशकों और अमेरिका के हित में होगा, तो उन्हें सीईओ की तौर पर वापस आने में खुशी होगी.

हुआंग ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े विवाद पर माफी भी मांगी है. उनकी विदाई के पीछे कर्मचारियों के साथ कथित संबंधों और चीन से जुड़ी एक महिला के साथ उनके संबंधों को लेकर उठे सवालों का जिक्र रिपोर्टों में हुआ है. इस मामले में विदेशी खुफिया गतिविधियों से संभावित संबंधों की जांच की बात भी सामने आई है. इन आरोपों और जांच से जुड़े सभी तथ्यों को अभी अंतिम रूप से साबित नहीं माना जा सकता.

यहां इस पूरी कहानी का सबसे अहम मोड़ है. हुआंग के समर्थन में भले ही बड़े कारोबारी और निवेशक आवाज उठा रहे हों, लेकिन एनवीडिया का बोर्ड फिलहाल उन्हें वापस लाने पर विचार नहीं कर रहा है. रॉयटर्स ने 16 नवंबर की अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया था कि बोर्ड हुआंग की वापसी पर विचार नहीं कर रहा है.

एनवीडिया ने 12 नवंबर को आधिकारिक तौर पर उनके इस्तीफे की घोषणा की थी. कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया है. कंपनी के बोर्ड ने कहा था कि वह नए CEO की तलाश करेगा और अंदरूनी तथा बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार किया जाएगा.

यानी अभी तक हुआंग की वापसी का कोई फैसला नहीं हुआ है. उनका खुद लौटने की इच्छा जताना और समर्थकों का प्रदर्शन की बात करना अलग है, जबकि कंपनी के बोर्ड का फैसला अलग.

Original Source
https://www.aajtak.in/technology/tech-news/story/nvidia-jensen-huang-return-travis-kalanick-elon-musk-ai-news-dskc-2701437-2026-11-20?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in International Relations