ONGC के कुएं से 8 हजार लीटर कच्चा तेल चोरी, गुजरात ATS ने 6 आरोपियों को दबोचा
गुजरात में ONGC के तेल कुएं से कच्चा तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. गुजरात एटीएस ने खेड़ा जिले के सारसा में स्थित ONGC की पाइपलाइन से तेल चोरी करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपी चोरी किए गए क्रूड ऑयल को अहमदाबाद के वटवा-विंजोल रिंग रोड स्थित एक पार्किंग प्लॉट पर लाकर ठिकाने लगा रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 8 हजार लीटर कच्चा तेल, एक टैंकर और आइशर ट्रक समेत अन्य सामान जब्त किया है.
एटीएस को सूचना मिली थी कि अहमदाबाद के दानिलिमडा इलाके के रहने वाले गफ्फारभाई रंगरेज, मोहसिन रंगरेज, उस्मानभाई और ONGC में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाला नसरुद्दीन मलिक उर्फ विक्की तेल चोरी के इस खेल में शामिल हैं. ये लोग ONGC की पाइपलाइन से कच्चा तेल निकालकर वटवा-विंजोल रिंग रोड पर पंचरत्न फ्लोरा फ्लैट के पीछे स्थित हैप्पी भाई भरवाड़ के पार्किंग प्लॉट में जमा कर रहे थे.
यह जानकारी गुजरात एटीएस के डीवाईएसपी एस.एल. चौधरी को मिली थी. इसके बाद उन्होंने पांच पीएसआई और कांस्टेबलों की टीम तैयार की. पुलिस ने बताए गए ठिकाने पर छापा मारा तो वहां ONGC लिखे टैंकर से पाइप के जरिए आइशर ट्रक में रखे टैंक में क्रूड ऑयल खाली किया जा रहा था. मौके से गफ्फार और मोहसिन समेत कुल छह लोगों को पकड़ लिया गया.
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने खेड़ा जिले के सारसा स्थित ONGC के तेल कुएं नंबर 26 को निशाना बनाया था. वहां केसिंग वाल्व के जरिए तेल निकाला गया और इसके लिए फाइटर पंप का इस्तेमाल किया गया. आरोपियों ने करीब 8 हजार लीटर कच्चा तेल चोरी किया था, जिसे बिक्री के लिए अहमदाबाद लाया गया था.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए तेल को ONGC लिखे टैंकर में लेकर पार्किंग प्लॉट पहुंचे थे. वहां से उसे आइशर ट्रक में रखे टैंक में पाइप की मदद से खाली किया जा रहा था. इसी दौरान गुजरात एटीएस की टीम ने दबिश देकर सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया. कार्रवाई के समय तेल एक वाहन से दूसरे वाहन में स्थानांतरित किया जा रहा था.
छापेमारी के दौरान टैंकर से 4 हजार 500 लीटर और आइशर ट्रक में रखे टैंक से 3 हजार 500 लीटर कच्चा तेल बरामद किया गया. इस तरह कुल 8 हजार लीटर क्रूड ऑयल जब्त किया गया है. एटीएस ने तेल के साथ टैंकर, आइशर ट्रक और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य सामान को भी कब्जे में लिया है.
जांच में सामने आया कि आरोपी खेड़ा जिले के सारसा से चोरी किया गया तेल अहमदाबाद के वटवा-विंजोल रिंग रोड स्थित हैप्पी भाई भरवाड़ के पार्किंग प्लॉट पर लाते थे. यह जगह पंचरत्न फ्लोरा फ्लैट के पीछे स्थित है. यहीं ONGC लिखे टैंकर से तेल निकालकर आइशर ट्रक के टैंक में भरा जा रहा था.
इस पूरे मामले में ONGC में कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले नसरुद्दीन मलिक उर्फ विक्की का नाम भी सामने आया है. उसके अलावा गफ्फारभाई रंगरेज, मोहसिन रंगरेज और उस्मानभाई समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गुजरात एटीएस की इस कार्रवाई में तेल चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए वाहनों और उपकरणों को भी जब्त किया गया है.
