'हम अपनी आंखों के सामने धरती मां को मार रहे', PM मोदी ने किसानों से की केमिकल फ्री खेती की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इंडिया टुडे ग्रुप के 'किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026' को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने किसानों से रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल को कम करने और प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ने की अपील की.
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत बनाने के लिए देश को अपने प्रयास और तेज करने होंगे. ऐसा भविष्य तैयार करना है, जहां किसान खुशहाल हों, गांव समृद्ध हों और खेती आधुनिक होने के साथ-साथ लाभकारी भी बने. उन्होंने सम्मेलन में हुए मंथन को देश के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि यहां से निकलने वाले अच्छे सुझावों और समाधानों पर सरकार भी काम करेगी.
पीएम मोदी ने किसानों से धरती की सेहत को लेकर सवाल किया. उन्होंने कहा, 'क्या हम अपनी इस धरती मां की रक्षा कर रहे हैं? जरा सीने पर हाथ रखकर पूछिए. हम जिस तरह केमिकल का इस्तेमाल करके धरती मां का विनाश कर रहे हैं, हम इस मां की संतान हैं. हम अपनी मां को अपनी आंखों के सामने मार रहे हैं.'
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर समय रहते धरती को बचाने के प्रयास नहीं किए गए तो जिस धरती से आज हमारा पेट भरता है, वह भविष्य में हमारा साथ छोड़ सकती है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी वजह से सरकार प्राकृतिक खेती पर जोर दे रही है.
प्रधानमंत्री ने किसानों से रसायनों से मुक्त खेती की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने प्राकृतिक खेती के प्रयोग किए हैं, उन्हें अच्छे नतीजे मिले हैं. पीएम मोदी के मुताबिक, एक गाय 30 एकड़ जमीन में प्राकृतिक खेती के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध करा सकती है और इसके लिए रासायनिक खाद की जरूरत नहीं पड़ती.
उन्होंने साफ किया कि वह किसानों से ऑर्गेनिक फार्मिंग नहीं, बल्कि नेचुरल फार्मिंग यानी प्राकृतिक खेती की बात कर रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि किसानों को धरती की सेहत बचाने के लिए केमिकल फ्री खेती की तरफ बढ़ना चाहिए.

