Priyanka Chopra Diwali Look: विदेश में प्रियंका चोपड़ा ने रखी दिवाली पार्टी, मॉर्डन गाउन पहन लगीं ग्लैमरस, गजरे-मांग टीके ने लगाया देसी तड़का
Priyanka Nick Diwali Party: बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा भले ही अब भारत में नहीं रहती हैं, लेकिन वो विदेश में रहने के बाद भी कोई भी त्योहार पूरे देसी अंदाज में मनाना नहीं भूलतीं. इस बार भी एक्ट्रेस ने दिवाली का जश्न खास अंदाज में मनाया. 30 अक्टूबर को प्रियंका और उनके पति निक जोनस ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर दिवाली पार्टी रखी, जिसमें कई खास मेहमान शामिल हुए.
लेकिन इस पार्टी में सबसे ज्यादा चर्चा प्रियंका के लुक की हो रही है. उन्होंने ऐसा आउटफिट चुना, जिसमें मॉडर्न फैशन के साथ भारतीय कारीगरी का खूबसूरत मेल देखने को मिला. प्रियंका की मेहमानों के साथ कई फोटोज सामने आई हैं, जिसमें वो बेहद ग्लैमरस और बोल्ड नजर आ रही हैं.
दिवाली पार्टी के लिए प्रियंका ने गहरे बरगंडी कलर का खूबसूरत गाउन पहना. पहली नजर में यह भले ही मॉडर्न वेस्टर्न ड्रेस लगे, लेकिन इसकी कारीगरी में भारतीय परंपरा की झलक साफ दिखाई दी. गाउन में कॉर्सेट स्टाइल फिटिंग और ऑफ शोल्डर नेकलाइन थी, जिसने उनके लुक को ग्लैमरस बनाया.
इस बरगंडी गाउन की सबसे खास बात उस पर हुई जरदोजी और सुनहरे धागों की कढ़ाई थी. पूरे गाउन पर बारीक बीड्स और डेकोरेटिव लटकन का काम किया गया था. इससे ड्रेस को रॉयल लुक मिल रहा था. नेकलाइन पर दिया गया हल्का ड्रेप दुपट्टे जैसा एहसास करा रहा था. यानी प्रियंका ने पारंपरिक भारतीय पहनावे को गाउन के तौर पर एक नया अंदाज दिया.
इस आउटफिट के साथ प्रियंका ने जो जूलरी पहनी है, वो उन पर काफी जंच रही है. उन्होंने रूबी स्टोन वाले इयररिंग्स, छोटा-सा कुंदन मांग टीका और हाथों में गोल्ड कड़े पहन है. लेकिन उनके लुक में सबसे खास था बालों में लगा सफेद गजरा.
भले ही देसी गर्ल का गाउन काफी ग्लैमरस है, लेकिन प्रियंका ने बालों को स्लीक लो बन में बांधा और उसमें ताजे सफेद फूलों का गजरा लगाया हुआ है. जो उनके लुक को देसी टच दे रहा है. मेकअप की बात करें तो उन्होंने बरगंडी आउटफिट से मैचिंग बेरी शेड की लिपस्टिक, स्मोकी आई मेकअप और हल्के शिमर वाले गालों ने उनके लुक को और निखारा.
प्रियंका के साथ निक जोनस भी भारतीय पारंपरिक कपड़ों में नजर आए. उन्होंने क्रीम और सफेद रंग का कुर्ता सेट पहना था, जिस पर हल्की कढ़ाई की गई थी. निक का सादा लेकिन क्लासी लुक प्रियंका के हैवी एम्ब्रॉयडरी वाले गाउन के साथ अच्छा तालमेल बना रहा था.
A post shared by JAMES G. BOULTER (@jamesgboulter)
प्रियंका और निक की दिवाली पार्टी में मॉडल विनी हार्लो लाल रंग के लहंगे में पहुंचीं. वहीं सिंगर रिया राज ने साड़ी से प्रेरित मॉडर्न आउटफिट पहना था. यूट्यूबर लिली सिंह भी इस जश्न का हिस्सा बनीं. इन सबके अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा ने भी दिवाली पार्टी में शामिल हुईं.
