Ramayana BTS Video: कैसे रामायण के राम बने रणबीर? विदेशियों ने दी ट्रेनिंग, अरुण गोविल बोले- स्टार है पर रोज पैर छुए

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
रणबीर कपूर के बर्थडे पर रामायण के मेकर्स ने फैंस को एक खास तोहफा दिया है. फिल्म का नया बिहाइंड द सीन्स (BTS) वीडियो सामने आया है, जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में ढालने की पूरी तैयारी की झलक देखने को मिल रही है. वीडियो सिर्फ उनके लुक और ट्रांसफॉर्मेशन तक सीमित नहीं है, ब...

रणबीर कपूर के बर्थडे पर रामायण के मेकर्स ने फैंस को एक खास तोहफा दिया है. फिल्म का नया बिहाइंड द सीन्स (BTS) वीडियो सामने आया है, जिसमें रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में ढालने की पूरी तैयारी की झलक देखने को मिल रही है. वीडियो सिर्फ उनके लुक और ट्रांसफॉर्मेशन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें उस मेहनत, ट्रेनिंग और जिम्मेदारी की भी झलक है, जो भगवान राम जैसे पूजनीय किरदार को निभाने के साथ आती है.

इस वीडियो में रणबीर कपूर खुद बताते हैं कि उनके लिए भगवान राम का किरदार कोई आम फिल्मी रोल नहीं है. वहीं, डायरेक्टर नितेश तिवारी भी समझाते नजर आते हैं कि करोड़ों लोगों की आस्था और बचपन की यादों से जुड़ी इस कहानी के लिए सही एक्टर चुनना कितना जरूरी था.

रणबीर कपूर ने वीडियो में साफ कहा कि भगवान राम का किरदार पाकर वह सिर्फ एक्साइटेड नहीं हो गए थे, बल्कि इसे उन्होंने एक बड़ी जिम्मेदारी के तौर पर लिया. उनके मुताबिक, इस किरदार को निभाने का मतलब सिर्फ स्क्रीन पर राम बनना नहीं, बल्कि उन करोड़ों लोगों के भरोसे को कायम रखना भी है, जिनके लिए भगवान राम आस्था का प्रतीक हैं.

रणबीर ने कहा- यह कोई किरदार नहीं है, जिसे पाकर मैं एक एक्साइटेड हो जाऊं. यह एक जिम्मेदारी है. सभी बातें भगवान राम की सादगी पर आकर रुक जाती हैं. नमित की तारीफ में रणबीर ने कहा कि मैं अमेज होता हूं जब यह देखता हूं कि कैसे नमित ने ईस्ट और वेस्ट को इस फिल्म के जरिए एक कर दिया. राम की कहानी को वह भी इतनी क्रिएटिविटी और इमोशन्स के साथ हमें सिखाते थे. कितना उन्हें भगवान राम की कहानी में विश्वास है- यह देखना दिलचस्प है. 

'यह देखकर मैं हर दिन खुद से कहता था कि- मेरा काम सिर्फ इस किरदार से जस्टिफाई करना नहीं बल्कि उन करोड़ों लोगों के भरोसे को कायम रखना है.'

रणबीर की बातों से साफ है कि वह इस किरदार को लेकर कितने गंभीर हैं. वीडियो में उनकी फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन, ट्रेनिंग और फिल्म के अहम सीक्वेंस तैयार करने की झलक भी दिखाई गई है.

रामायण में राजा दशरथ का किरदार निभा रहे अरुण गोविल ने भी रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की. अरुण गोविल खुद टीवी पर भगवान राम का किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए थे. ऐसे में रणबीर के बारे में उनकी राय इस BTS वीडियो को और खास बना देती है.

अरुण गोविल ने कहा- रामायण को परिभाषित नहीं किया जा सकता, उसकी कोई डेफिनेशन नहीं है. लेकिन रामायण हमारा गौरव है, हमारा मान-अभिमान है. हमारी संस्कृति... धरोहर है. सब कुछ हमारे लिए हमारी रामायण है. जो मैं सोचता था कि राम ऐसे चलते होंगे, बैठते होंगे, ऐसे बात करते होंगे. तो रणबीर कपूर में वह सारी चीजें हैं. आमतौर पर आप सोचते होंगे कि कहां कोई स्टार जो है वह किसी पैर छूता होगा लेकिन रणबीर रोज मेरे पैर छूते थे. जितने भी अभी इंडस्ट्री में यंग स्टार्स हैं उनमें से रणबीर राम के किरदार के सबसे नजदीक हैं.”

अरुण गोविल की इस बात ने खास तौर पर ध्यान खींचा कि रणबीर रोज उनके पैर छूते थे. उनके मुताबिक, रणबीर में वह सादगी और व्यवहार नजर आता है, जिसकी कल्पना वह भगवान राम के किरदार को लेकर करते थे.

फिल्म के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बताया कि जब प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने रणबीर कपूर का नाम सुझाया, तो उन्हें भी लगा कि वह इस किरदार के लिए सही हैं. नितेश ने कहा- जब नमित ने रणबीर का नाम सजेस्ट किया तो मुझे भी लगा हां यह तो फिट है. हमारी सारी चेक बॉक्स रणबीर के साथ चेक हो रही थी.

रणबीर को भगवान राम के रोल में लेने के पीछे सिर्फ उनका स्टारडम नहीं, बल्कि किरदार के लिए जरूरी खूबियों को भी अहम माना गया.

फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे ने भी रणबीर की तारीफ की. उन्होंने रणबीर की आंखों में वही शांति महसूस की, जिसे वह भगवान राम की सादगी से जोड़कर देखते हैं.

रवि दुबे ने कहा- जितनी सादगी मैं राम में समझता हूं, वहीं शांति मैं रणबीर की आंखों में भी देखता हूं. वीडियो में सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी भी नजर आती हैं. कलाकारों की बातों के साथ-साथ इसमें रणबीर की शारीरिक तैयारी और फिल्म के अहम दृश्यों को तैयार करने की झलक भी दिखाई गई है.

रामायण को दो हिस्सों में बनाया जा रहा है और इसकी तैयारी में भारत के साथ-साथ विदेशों के कलाकार और एक्शन एक्सपर्ट भी शामिल हैं. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने फिल्म के एक्शन सीक्वेंस के लिए इंटरनेशनल टीम को साथ जोड़ा है.

फिल्म के एक्शन डायरेक्टर टेरी नोटरी ने रणबीर को एक्शन सीक्वेंस के लिए ट्रेनिंग दी है. टेरी बड़े इंटरनेशनल प्रोडक्शंस पर अपने काम के लिए जाने जाते हैं. BTS वीडियो में दुनिया भर से आए स्टंट और एक्शन प्रोफेशनल्स को फिल्म के सीक्वेंस और किरदारों पर काम करते देखा जा सकता है.

कहानी भले ही भारतीय पौराणिक परंपरा और भगवान राम से जुड़ी हो, लेकिन इसे बड़े पर्दे पर उतारने की तैयारी में भारतीय और इंटरनेशनल टीम साथ काम कर रही है.

रामायण के इस BTS वीडियो ने फैंस को फिल्म की तैयारी और रणबीर के किरदार के पीछे की मेहनत की झलक दे दी है. अरुण गोविल की तारीफ, नितेश तिवारी का भरोसा और रणबीर की अपनी जिम्मेदारी वाली बात ने इस वीडियो को और खास बना दिया है.

अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार को किस तरह जीवंत करते हैं. रामायण पार्ट 1 6 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज होगी.

Original Source
https://www.aajtak.in/entertainment/bollywood-news/story/ranbir-kapoor-ramayana-bts-lord-rama-transformation-touched-arun-govil-feet-sai-pallavi-ravi-dubey-tmova-dskc-2655783-2026-09-28?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World