Rising Stars Asia Cup: वैभव-अभिषेक की जोड़ी दोहा में करेगी शिकार, नेपाल से होगा आगाज
टी20 क्रिकेट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों के होश उड़ाने वाले वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा अब 50 ओवरों के फॉर्मेट में भी अपनी छाप छोड़ने उतरेंगे. दोनों युवा सितारों के पास राइजिंग स्टार्स एशिया कप में अपना दम दिखाने का मौका है. भारत ए की टीम शुक्रवार को दोहा में नेपाल के खिलाफ मुकाबले से अपने अभियान का आगाज करेगी. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा.
भारत ए की टीम में टी20 के कई बड़े नाम शामिल हैं. अभिषेक शर्मा और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के अलावा तिलक वर्मा टीम की कमान संभालेंगे, जबकि रिंकू सिंह को उपकप्तान बनाया गया है. ऐसे में भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है. हालांकि, इस टूर्नामेंट में इन खिलाड़ियों के सामने 50 ओवरों के क्रिकेट में अपनी उपयोगिता साबित करने की चुनौती भी होगी.
सबसे ज्यादा नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी. आईपीएल और टी20 क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले वैभव ने लंबी पारियां खेलने की क्षमता भी दिखाई है. इस साल श्रीलंका में खेली गई ट्राई सीरीज में उन्होंने इंडिया ए की ओर से महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए थे. उनकी इस पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा था. अब उनके पास 50 ओवरों के फॉर्मेट में भी अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने का मौका है.
वैभव हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी करते भी नजर आए थे. कम उम्र में उन्हें लगातार बड़े मंच मिल रहे हैं. राइजिंग स्टार्स एशिया कप उनके लिए एक और अहम पड़ाव साबित हो सकता है.
Game one loading ⏳ 🎥 Visuals from India A's prep ahead of the #RisingStarsAsiaCup 2026 💙 https://t.co/HBNgr19oUq
दूसरी ओर अभिषेक शर्मा भी इस टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ना चाहेंगे. टी20 इंटरनेशनल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर अभिषेक के पास 50 ओवरों के क्रिकेट में अपनी क्षमता दिखाने का मौका है. वैभव और अभिषेक की मौजूदगी भारतीय टीम को आक्रामक शुरुआत दिलाने की ताकत देती है. दोनों अगर लय में रहे तो विपक्षी गेंदबाजों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं.
इस टूर्नामेंट में रिंकू सिंह के प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें रहेंगी. भारतीय टी20 टीम में अपनी जगह गंवाने के बाद उनके पास चयनकर्ताओं का ध्यान खींचने का मौका है. वह इस टीम के उपकप्तान भी हैं. आयुष बदोनी और शाहबाज अहमद भी अपने प्रदर्शन से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं के सामने मजबूत दावा पेश करना चाहेंगे.
बदोनी को राजत पाटीदार के टूर्नामेंट से हटने के बाद टीम में शामिल किया गया है. घरेलू क्रिकेट में शानदार शुरुआत के बाद वह इस लय को आगे बढ़ाना चाहेंगे. वहीं शाहबाज अहमद की नजरें भी भारतीय टीम में वापसी का रास्ता बनाने पर होंगी. उन्होंने आखिरी बार 2023 में भारत का प्रतिनिधित्व किया था.
तेज गेंदबाज हर्षित राणा भी इस टूर्नामेंट में अपनी फिटनेस साबित करना चाहेंगे. क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबरने के बाद उनकी वापसी हुई है. वह दिखाना चाहेंगे कि अब पूरी तरह फिट हैं और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं.
भारत ए टीम में प्रभसिमरन सिंह, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे, हर्ष दुबे और तनुष कोटियन जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं. पिछले साल यह टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला गया था. इस बार 50 ओवरों के प्रारूप में खिलाड़ियों के सामने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के साथ लंबे मैच में प्रदर्शन करने की चुनौती होगी.
भारत ए स्क्वॉड: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अर्शद खान और आयुष बदोनी.
नेपाल स्क्वॉड: संदीप लामिछाने (कप्तान), लोकेश बम, बसीर अहमद, अर्जुन कुमाल, नंदन यादव, पवन सर्राफ, ललित राजबंशी, कुशल भुर्तेल, सोमपाल कामी, दीपक डुमरे, संदीप जोरा, अभिषेक गौतम, ईशान पांडे, राशिद खान और देव खनाल.

