Sharad Kapoor Inside Story: कार बेची, भाई से मांगने पड़े पैसे...कैसे पाई-पाई को मोहताज शरद कपूर? अब उनके पास क्या-क्या बचा है

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
लंबा कद, उम्र अभी सिर्फ 50 साल. लेकिन हालात इतनी खराब कि अपने पैरों पर खड़े नहीं हो सकते. एक समय रुपहले पर्दे पर बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और सलमान खान की आंखों में आंखें डालकर बातें करते थे. खूब तालियां भी बजती थीं, चेहरा और कद-काठी किसी बड़े स्टार से कम भी नहीं. लेकिन किसी न...

लंबा कद, उम्र अभी सिर्फ 50 साल. लेकिन हालात इतनी खराब कि अपने पैरों पर खड़े नहीं हो सकते. एक समय रुपहले पर्दे पर बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान और सलमान खान की आंखों में आंखें डालकर बातें करते थे. खूब तालियां भी बजती थीं, चेहरा और कद-काठी किसी बड़े स्टार से कम भी नहीं. लेकिन किसी ने ये नहीं सोचा होगा कि महज कुछ साल के बाद ये चमकता सितारा गुमनामी में चला जाएगा. जब सामने आए तो लाचार, बैसाखी और साथ में दिखे चार बेजुबान कुत्ते.

दरअसल, हम बात करे हैं अभिनेता शरद कपूर की. अभिनेता इसलिए, क्योंकि अब शरीर भी साथ नहीं दे रहा है, लेकिन हौसला मजबूत है. अगले साल फिर अभिनय की दुनिया में लौटने का दम भर रहे हैं. लेकिन उनकी की बातों को सुनें तो लाचारी, बीमारी और बेबसी झलकती हैं. फिर भी किसी के प्रति कोई शिकायत नहीं है.  

बता दें, अभिनेता शरद कपूर ने अपने तीन दशक से अधिक लंबे फिल्मी करियर में 35 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. करियर की शुरुआत उन्होंने साल 1994 में फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से की थी. साल 2000 में शाहरुख खान और ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म 'जोश' में 'प्रकाश शर्मा' के नेगेटिव रोल से उन्हें जबरदस्त पहचान मिली, जिसके लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट विलेन कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था. उस दौर में इस तरह के कलाकारों की फीस लीड एक्टर्स के मुकाबले थोड़ी कम होती थी. लेकिन कमाई ठीक-ठाक रहती थी, क्योंकि लगातार बड़ी फिल्में मिल रही थीं. 

शरद कपूर की आर्थिक सेहत इतनी कैसे बिगड़ गई?

लेकिन अब सवाल उठता है कि क्या सही में शरद कपूर पाई-पाई के लिए मोहताज हैं? क्या उनके पास इलाज कराने के लिए भी पैसे नहीं हैं? क्या उनके पास कुछ नहीं है? हालांकि उनकी सेहत को देखकर आर्थिक सेहत का भी अनुमान नहीं लगा सकते हैं. जिस हालात में वो सामने आए, कई सवाल खड़े होते हैं. जितने मुंह उतनी बातें. लेकिन पहली नजर में बैसाखी के सहारे खड़े शरद कपूर को देखकर ये तो साफ है कि कुछ तो परेशानियां हैं? 

उन्होंने खुद बताया कि वे पिछले 7 सालों से अमेरिका के न्यूयॉर्क में रह रहे थे. एक साल पहले ही भारत लौटे हैं. शरद कपूर के मुताबिक 2025 के अंत में अमेरिका से भारत वापस लौटे हैं, ताकि यहां दोबारा अपने अभिनय करियर को शुरू कर सकें.

एक बैंक अकाउंट फ्रीज... और शरद कपूर लाचार दरअसल, शरद कपूर ने एक इंटरव्यू में पूरी आपबीती बताई है, उनका दावा है कि बैंक अकाउंट फ्रीज होने की वजह से उन्हें आर्थिक तौर पर परेशानियां हो रही हैं. अभिनेता शरद कपूर का बैंक अकाउंट क्रिप्टोकरेंसी (Cryptocurrency) बेचने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने फ्रीज कर दिया है. शरद कपूर की मानें तो कुछ समय पहले ही उन्होंने अपनी क्रिप्टोकरेंसी बेची थी, जिससे बाद अमाउंट उनके बैंक खाते में आया. इस ट्रांजैक्शन के बाद आयकर विभाग ने उन्हें नोटिस जारी कर पैसे के सोर्स के बारे में पूछा.

यही नहीं, शरद कपूर के मुताबिक उन्होंने इनकम टैक्स विभाग को जवाब भी दे दिया है कि यह रकम क्रिप्टोकरेंसी बेचने से उन्हें मिली है. लेकिन विभाग उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ, जिससे मामला सुलझ नहीं पाया है. शरद कपूर का कहना है कि बैंक अकाउंट फ्रीज होने की वजह से वो पैसे निकाल नहीं पा रहे हैं, हालांकि उन्होंने इनकम टैक्स विभाग की इस कार्रवाई के खिलाफ अपील दायर की है, और इसे खुलवाने की कानूनी प्रक्रिया जारी है. नकदी की दिक्कत होने की वजह से उन्हें अपनी कारें बेचनी पड़ीं और अपने भाइयों से आर्थिक मदद लेनी पड़ रही है. 

खबर ये भी है कि एक समय शरद कपूर के पार्टनरशिप पर रेस्टोरेंट चलाते थे. फिर अचानक आर्थिक तंगी की ऐसी स्थिति क्यों आईं? हालांकि रेस्टोरेंट बिजनेस को लेकर शरद कपूर का कोई बयान नहीं आया है. उन्होंने केवल इतना बताया कि बैंक खाते सीज हो जाने के बाद उन्हें अपनी कारें बेचनी पड़ीं, और भाइयों से आर्थिक मदद मांगनी पड़ी. यानी उनके पास फिलहाल आमदनी का कोई दूसरा सोर्स नहीं है.

रिपोर्ट के मुताबिक शरद कपूर ने फिल्मों से दूरी बनाने के बाद पार्टनरशिप पर मुंबई, बेंगलुरु और कोलकाता में रेस्टोरेंट खोले थे. लेकिन वे इन रेस्टोरेंट्स के एकमात्र मालिक नहीं थे, एक पार्टनर के तौर पर साइड बिजनेस चला रहे थे.

अभी शरद कपूर के पास क्या-क्या है ? शरद कपूर की करीबी दोस्त हेमा सिंह के मुताबिक, मुंबई में उनका एक 3BHK फ्लैट है. इसी घर में वो चार पालतू कुत्तों के साथ रह रहे थे. शरद कपूर के बयानों से साफ हुआ कि उनके पास मुंबई में अपना घर है, असली समस्या उनकी गंभीर चोट और बैंक खाते के फ्रीज होने से पैदा हुई. लंबे समय तक काम न मिलने और बीमारी में जमापूंजी खत्म होने से भी आर्थिक तंगी झेलनी पड़ रही है. बता दें, फुटबॉल खेलते समय पैर में गंभीर चोट लगने और मस्तिष्क से जुड़ी एक समस्या के कारण वे पिछले करीब दो-तीन साल से बिस्तर पर थे.

शरद कपूर ने खुद स्वीकार किया है कि वे इस समय आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं और उन्हें फिल्म इंडस्ट्री से नैतिक मदद की जरूरत है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया है कि उनके पास पैसे की कमी की एक बड़ी वजह यह है कि क्रिप्टोकरेंसी बेचने के बाद इनकम टैक्स विभाग ने उनका बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया है, जिसके खिलाफ उन्होंने अपील की है. घर और बैंक अकाउंट में जमा पैसे के अलावा उनके पास अपनी कोई और प्रॉपर्टी नहीं है. 

शरद कपूर की मौजूदा हालत देखकर सोनू सूद और सलमान खान ने मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं. सोनू सूद ने खुद उनसे मुलाकात कर उनके इलाज का इंतजाम कराया है और काम दिलाने का भरोसा दिया है. शरद कपूर ने भी उम्मीद जताई है कि इलाज पूरा होने के बाद वे जनवरी 2027 से दोबारा काम पर वापसी करेंगे. 

शरद कपूर के बैंक अकाउंट से फ्रीज कैसे हटेगा? उन्हें क्रिप्टोकरेंसी की बिक्री से आए पैसों के वैध दस्तावेज, ट्रांजैक्शन आईडी, क्रिप्टो एक्सचेंज के रिकॉर्ड और इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) का पूरा हिसाब देना होगा. ताकि यह साबित किया जा सके कि पैसा अवैध नहीं है. हालांकि उन्होंने विभाग की कार्रवाई के खिलाफ पहले ही कानूनी अपील दायर की है, इसलिए उन्हें कोर्ट या टैक्स अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष यह साबित करना होगा कि उनके पास टैक्स से जुड़ा कोई बकाया या छिपा हुआ रेवेन्यू नहीं है.

अगर इनकम टैक्स विभाग क्रिप्टोकरेंसी पर लागू कैपिटल गेन टैक्स या किसी अन्य कर की मांग करता है, तो नियमों के अनुसार उस टैक्स या पेनल्टी का भुगतान करना पड़ सकता है. अगर आयकर विभाग बिना ठोस कारण या लंबी जांच के नाम पर खाते को बेवजह होल्ड रखता है, तो वे उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर कर सकते हैं. 

शरद कपूर के परिवार में कौन-कौन? शरद कपूर मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं. शरद कपूर के भाई गौतम और दीपक कपूर कोलकाता में ही रेस्टोरेंट का व्यवसाय चलाते हैं. हालिया आर्थिक तंगी के दौरान शरद कपूर को अपने इन्हीं भाइयों से आर्थिक मदद मांगनी पड़ी. शरद कपूर की शादी साल 2008 में पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से हुई थी, दोनों का एक बेटा भी है. 

Original Source
https://www.aajtak.in/business/news/story/bollywood-actor-sharad-kapoor-inside-story-financial-crisis-health-net-worth-details-tuta-dskc-2700655-2026-11-19?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World