अब SpiceJet का क्या होगा? उड़ानें कैंसिल... धूल फांकते विमान, 6 महीने से सैलरी भी नहीं दे पा रही कंपनी

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
सरकार कहती है कि हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई सफर करेगा, क्योंकि हवाई यात्रा को किफायती और सुलभ बनाया जा रहा है. लेकिन इस बीच एक के बाद एक एयरलाइंस कंपनियां कर्ज में डूबकर आर्थिक तौर पर दिवालिया होती जा रही हैं. फिलहाल सुर्खियों में स्पाइसजेट है. 

सरकार कहती है कि हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई सफर करेगा, क्योंकि हवाई यात्रा को किफायती और सुलभ बनाया जा रहा है. लेकिन इस बीच एक के बाद एक एयरलाइंस कंपनियां कर्ज में डूबकर आर्थिक तौर पर दिवालिया होती जा रही हैं. फिलहाल सुर्खियों में स्पाइसजेट है. 

मई-2005 में उड़ान शुरू करने वाली स्पाइसजेट कभी देश की दूसरी सबसे बड़ी बजट एयरलाइन थी. लेकिन आज वह अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है. कंपनी के सामने संकट बड़ा है, इतिहास देखें तो कई एयरलाइंस कंपनियां इसी तरह धीरे-धीरे गायब हो गईं. 

अगर मौजूदा समय में स्पाइसजेट की बात करें तो कंपनी पर चौतरफा चुनौतियां हैं. कोविड-19 के बाद से कंपनी भारी वित्तीय संकट में फंस गई. कंपनी पर कुल देनदारियां ₹4,500 करोड़ से अधिक पहुंच गईं, जिसमें विमान लीज देने वाली कंपनियों, एयरपोर्ट ऑपरेटरों और कर्मचारियों का बकाया (PF, TDS, GST) शामिल है. समय पर किराया नहीं चुकाने की वजह से कई विदेशी कंपनियों ने स्पाइसजेट को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) में घसीटा और अपने विमान वापस मांग लिए. 

दरअसल, भारतीय विमानन क्षेत्र में पिछले एक दशक के दौरान भारी उथल-पुथल देखने को मिली है. एक ओर हवाई यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है, तो दूसरी ओर महंगे ईंधन (ATF), डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट और कम किराये की प्रतिस्पर्धा ने कई एयरलाइंस की कमर तोड़ दी है.

मौजूदा समय में बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) सबसे गंभीर परिचालन और वित्तीय संकट से गुजर रही है. नवंबर 2026 तक के ताजा आंकड़े दर्शाते हैं कि कंपनी के लिए उड़ानों का नियमित संचालन करना बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है.

सिकुड़ता बेड़ा और गिरती बाजार हिस्सेदारी विमानों की भारी कमी के कारण स्पाइसजेट का सक्रिय बेड़ा सिमटकर महज 12 से 13 विमानों तक रह गया है, जिनमें से कुछ विमान वेट लीज पर लिए गए हैं. बेड़े में कम विमान होने का सीधा असर यात्री संख्या पर पड़ा है. सितंबर 2026 में एयरलाइन की घरेलू बाजार हिस्सेदारी गिरकर महज 1% फीसदी से भी कम रह गई, और इस दौरान कंपनी केवल लगभग 73,000 यात्रियों को ही सेवा दे सकी. कभी स्पाइसजेट देश की दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइंस कंपनी हुआ करती थी. 

उड़ानों का रद्द होना और समय की पाबंदी में गिरावट रिपोर्ट्स की मानें तो विमानों और आर्थिक संकट के चलते स्पाइसजेट रोजाना औसतन 15 से 20 से अधिक उड़ानें रद्द कर रही हैं. नवंबर 2026 के शुरुआती दिनों (5 से 9 नवंबर) में महज 5 दिनों के भीतर कंपनी ने कुल 333 उड़ानें रद्द कीं. इसके साथ ही एयरलाइन का 'ऑन-टाइम परफॉर्मेंस' (OTP) यानी समय पर उड़ान भरने का रिकॉर्ड गिरकर 16.6% के बेहद निचले स्तर पर आ गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है. 

वित्तीय संकट और कर्मचारियों का बकाया वेतन साफ शब्दों में कहें तो कंपनी की आर्थिक स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है. खबर ये है कि नकदी के गंभीर संकट के कारण कर्मचारियों को जून 2026 से वेतन नहीं मिला है. इसके अलावा कंपनी ने पिछले एक साल से अधिक समय से कर्मचारियों के कर्मचारी भविष्य निधि (PF), TDS और जीएसटी का भुगतान भी नहीं किया है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है. 

पैसे की तंगी के कारण कंपनी अपने खराब हुए विमानों के इंजन और स्पेयर पार्ट्स नहीं खरीद पाई, जिससे बड़ी संख्या में विमान ग्राउंडेड हो गए.

ऐसे में अगर जल्द ही बड़े पूंजी निवेश की व्यवस्था नहीं हुई, तो कंपनी के लिए परिचालन बचाए रखना मुश्किल होगा. इस बीच स्पाइसजेट का शेयर गिरकर 8 रुपये के आसपास पहुंच गया है और मार्केट कैप गिरकर 1320 करोड़ रुपये रह गया है. 

नियामक संस्थाओं (DGCA) की सख्त निगरानी इस बीच यात्रियों को हो रही लगातार परेशानी और एयरलाइन की परिचालन क्षमता पर उठते सवालों को देखते हुए, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्पाइसजेट के खिलाफ अपनी वित्तीय और परिचालन ऑडिट तेज कर दी है. नियामक संस्थाएं इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि क्या एयरलाइन सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं जारी रखने में सक्षम है?

भारत सरकार की ओर से मार्च 2026 में संसद में दी गई जानकारी के मुताबिक पिछले 10 वर्षों (2016 से 2026 के बीच) में वित्तीय संकट, विमानों की अनुपलब्धता और आंतरिक समस्याओं के कारण कुल 11 एयरलाइंस ने भारत में अपना परिचालन बंद किया है. इसके अलावा 2 बड़ी एयरलाइंस (विस्तारा और एयरएशिया इंडिया) का टाटा समूह की अन्य एयरलाइंस में विलय हो गया. 

जेट एयरवेज (Jet Airways- 2019 में बंद): कभी भारत की सबसे बड़ी निजी एयरलाइन रही जेट एयरवेज भारी कर्ज के कारण अप्रैल 2019 में बंद हो गई. इसे पुनर्जीवित करने की सभी कोशिशें विफल रहीं और 2024 में इसके परिसमापन का आदेश दिया गया.

गो फर्स्ट (Go First- 2023 में बंद): पहले 'गोएयर' के नाम से मशहूर इस बजट एयरलाइन ने प्रैट एंड व्हिटनी (Pratt & Whitney) के खराब इंजनों के कारण अपने आधे विमान खड़े होने के बाद मई 2023 में दिवालियापन के लिए आवेदन किया और बंद हो गई.

एयर कोस्टा (Air Costa- 2017 में बंद): दक्षिण भारत की यह क्षेत्रीय एयरलाइन वित्तीय संकट और लीज पर लिए गए विमानों की वापसी के कारण बंद हो गई.

एयर पेगासस (Air Pegasus- 2016 में बंद): बेंगलुरु स्थित इस क्षेत्रीय एयरलाइन का लाइसेंस बकाया भुगतान न करने के कारण रद्द कर दिया गया.

एयर कार्निवल (Air Carnival- 2017 में बंद): कोयंबटूर से संचालित होने वाली यह एयरलाइन महज एक साल के भीतर वित्तीय समस्याओं के चलते बंद हो गई.

ट्रूजेट (TruJet- 2022 में बंद): क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (UDAN) के तहत उड़ान भरने वाली यह एयरलाइन नकदी की कमी के कारण बंद हुई.

एयर डेक्कन- री-लॉन्च (Air Deccan- 2020 में बंद): उड़ान योजना के तहत दोबारा शुरू हुई यह कंपनी कोविड-19 महामारी के झटके को नहीं झेल सकी.

अन्य छोटी/क्षेत्रीय एयरलाइंस: इनके अलावा एयर ओडिशा (2019), सुप्रीम एयरलाइंस (2018), जूम एयर / Zooom Air (2024) और फ्लाईबिग / FlyBig (2025) ने भी वित्तीय व परिचालन संकट के कारण उड़ानें बंद कर दीं.

Original Source
https://www.aajtak.in/business/news/story/spicejet-crisis-active-fleet-shrinks-day-by-day-market-share-plummets-details-tuta-dskc-2695450-2026-11-13?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in Technology