निशांत कुमार को पीछे धकेलने पर SSG की सफाई, माना- सुरक्षा प्रोटोकॉल के दौरान हुई मानवीय भूल
बिहार में नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और निशांत कुमार से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के सुरक्षाकर्मी द्वारा निशांत कुमार को पीछे धकेलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी बयानबाजी शुरू हो गई थी. अब इस पूरे मामले पर स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) ने अपनी सफाई दी है. SSG ने माना है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल (Security Protocol) का पालन करने के दौरान मानवीय भूल हुई थी. सुरक्षा दल ने यह भी बताया है कि निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक SSG की सुरक्षा मिली हुई थी.
दरअसल, नीतीश सेतु का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे थे. इस दौरान निशांत कुमार भी उनके साथ मौजूद थे. बताया जा रहा है कि जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मीडिया से बातचीत कर रहे थे, उसी दौरान उनके एक सुरक्षाकर्मी ने निशांत कुमार को पीछे की तरफ धकेल दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद बिहार की राजनीति में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद स्पेशल सिक्योरिटी ग्रुप (SSG) की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई. जिसमें कहा गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल के जवानों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना को प्रचारित किया जा रहा है. इस घटना की जांच कराई गई. जांच में सामने आया कि सुरक्षा कर्मी द्वारा सिक्योरिटी प्रोटोकॉल (Security Protocol) के अनुरूप काम करने के दौरान मानवीय भूल के कारण यह घटना हुई.
क्यूँ जलील होने को मजबूर हैं चाचा नीतीश कुमार और भाई निशांत कुमार ? पहले नीतीश कुमार जी को जलालत के साथ किनारे किया और अब उनके बेटे निशांत को सरेआम जलील कर रही है बीजेपी ..गजब की सहनशक्ति है चाचा जी की , लगता है अपने आत्म - सम्मान और स्वाभिमान को पूरी तरह से दफ़न कर चुके हैं और अब अपने बेटे को भी अपनी ही चाल में ढलने को मजबूर कर रहे हैं ..
SSG ने अपनी सफाई में निशांत कुमार की पुरानी सुरक्षा व्यवस्था का भी जिक्र किया है. प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक विशेष सुरक्षा दल (Special Security Group) की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही है. विज्ञप्ति के मुताबिक, निशांत कुमार को पिछले करीब दो दशकों तक SSG की सुरक्षा मिली हुई थी. ऐसे में सुरक्षा दल ने इस घटना को सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल बताया है.
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया. आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने इस घटना को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान से जोड़ते हुए सवाल खड़े किए. वहीं, आरजेडी प्रवक्ता एजाज अहमद ने निशांत कुमार को अपमानित किए जाने का आरोप लगाया. उन्होंने इस मामले में जनता दल यूनाइटेड (JDU) की चुप्पी पर भी सवाल उठाए.
नीतीश सेतु के उद्घाटन से पहले सामने आए इस वीडियो ने बिहार की सियासत में नई बहस छेड़ दी है. हालांकि, अब SSG की जांच और प्रेस विज्ञप्ति के बाद सुरक्षा दल ने अपनी तरफ से घटना की वजह साफ कर दी है. SSG ने इसे सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने के दौरान हुई मानवीय भूल बताया है.
