नाइट कॉलेज में पढ़ाई, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की नौकरी, फिर बने Swiggy के CEO, रोहित कपूर ने बताए सफलता के मंत्र
करियर में आगे बढ़ने के लिए क्या कोई तय रास्ता होता है? क्या एक छोटे शहर से आने वाला युवा भी बड़ी कंपनी का नेतृत्व कर सकता है? और क्या सफलता के लिए शुरुआत से ही बड़ा सपना देखना जरूरी है? इन सवालों पर स्विगी फूड मार्केटप्लेस के CEO रोहित कपूर ने इंडिया टुडे मास्टरक्लास में खुलकर बात की. उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों से लेकर लीडरशिप, स्टार्टअप, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जॉब मार्केट में बदलते वर्क कल्चर तक कई अहम बातें शेयर की हैं.
रोहित कपूर ने मास्टरक्लास में बताया कि उनके करियर की शुरुआत किसी बड़े लक्ष्य या CEO बनने के सपने के साथ नहीं हुई थी. वह कोलकाता में पढ़ाई कर रहे थे. वहां कॉलेज में दो साल की पढ़ाई के बाद ग्रेजुएशन की डिग्री मिल जाती थी और तीसरे साल को ऑनर्स कहा जाता था. ऐसे में उन्होंने नाइट कॉलेज में दाखिला लिया, जहां शाम 7 बजे से क्लास शुरू होती थी. उनका मकसद पढ़ाई के साथ काम करना, कुछ पैसे कमाना और अपनी जिंदगी का अनुभव बढ़ाना था. उन्होंने साफ कहा कि उस समय उनके मन में CEO बनने जैसी कोई योजना नहीं थी. वह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर भी काम कर रहे थे और बस मेहनत करते हुए आगे बढ़ रहे थे.
रोहित कपूर ने बातचीत के दौरान बताया कि उनके करियर को असल दिशा तब मिली, जब उन्होंने मैकेंजी जॉइन की. उस समय उनकी उम्र करीब 26-27 साल ही रही होगी. उनके मुताबिक, मैकेंजी जैसी बड़ी ग्लोबल कंपनी से जुड़ना ही उनके करियर में बदलाव की एकमात्र वजह नहीं था. वहां जिन लोगों के साथ उन्हें काम करने का मौका मिला, उन्होंने उनके काम और सोच को बेहतर बनाया.
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि अपने आसपास ऐसे लोगों को रखें, जो अपने सेक्टर में कुछ अच्छा करना चाहते हों और आगे बढ़ने के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए भी तैयार हों. अच्छी संगत का मतलब केवल ऐसे लोगों के साथ रहना नहीं है, जो कोई गलत काम न करते हों. इसका मतलब है कि आपके आसपास ऐसे लोग हों, जिनसे आप कुछ सीख सकें और जिनकी मेहनत आपको भी प्रेरित करें.
करियर में आगे बढ़ने के सवाल पर रोहित कपूर ने कहा कि लोग अक्सर सोचते हैं कि पहले एक नौकरी मिलेगी, फिर प्रमोशन होगा, उसके बाद टीम लीडर और फिर किसी बड़े पद तक पहुंचेंगे. लेकिन असल जिंदगी में करियर हमेशा इस तरह सीधी रेखा में आगे नहीं बढ़ता.
उन्होंने इसे 'जंगल जिम' की तरह बताया. उनके मुताबिक, करियर में कई बार ऐसे मौके आते हैं, जब आपको अपनी मौजूदा स्थिति से नीचे जाकर भी कोई भूमिका स्वीकार करनी पड़ सकती है. ऐसा फैसला उस समय छोटा या अजीब लग सकता है लेकिन भविष्य में उससे सीखने और आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है.
उन्होंने अपने अनुभव का उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार उन्हें एक बड़ी लिस्टेड कंपनी में नेतृत्व की भूमिका का मौका मिला, जहां शुरुआत में उनके साथ सिर्फ एक स्टाफ सदस्य था. कई लोगों को यह फैसला अजीब लग सकता था लेकिन उन्होंने इसे सीखने और भविष्य के लिए खुद को बेहतर बनाने का अवसर माना.
रोहित कपूर ने कहा कि युवाओं को हर समय यह पूछने के बजाय कि उनका अगला प्रमोशन कब होगा, यह समझना चाहिए कि कंपनी में आगे बढ़ने वाले लोग कौन-सी खूबियां दिखा रहे हैं और वे खुद क्या सीख सकते हैं.
रोहित कपूर ने लोगों को परखने का एक दिलचस्प तरीका भी बताया जिसे उन्होंने 'एयरपोर्ट फिल्टर' कहा. उनके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति के साथ एयरपोर्ट पर तीन घंटे बैठकर बातचीत करने में अच्छा लगे, तो यह उसके व्यक्तित्व का एक सकारात्मक संकेत हो सकता है.
वहीं, अगर उसके साथ समय बिताने का मन न करें, तो यह भी एक संकेत है. उन्होंने कहा कि दो लोगों की पढ़ाई, स्किल और अनुभव एक जैसे हो सकते हैं लेकिन दिलचस्प व्यक्तित्व वाले लोग अक्सर ज्यादा अवसर बना पाते हैं. ऐसा बनने का कोई एक तरीका नहीं है. कोई खेल, पढ़ाई, किताबों, अलग-अलग अनुभवों या अपनी रुचियों के जरिए दिलचस्प बन सकता है.
उन्होंने एक अनुभव साझा किया कि ओयो में काम के दौरान उनकी मुलाकात एक ऐसे व्यक्ति से हुई, जो पहले इसरो में काम कर चुका था. उससे बातचीत के दौरान उन्हें पहली बार स्पेस टेक्नोलॉजी के बारे में काफी कुछ जानने का मौका मिला. रोहित कपूर के मुताबिक, ऐसे अनुभव और बातचीत लंबे समय तक याद रहते हैं.
स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को सलाह देते हुए रोहित कपूर ने कहा कि शुरुआत में यह सोचने के बजाय कि कंपनी दस साल बाद कितनी बड़ी होगी, इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि पहले 100 ग्राहक कहां से आएंगे और वे आपके प्रोडक्ट या सर्विस को क्यों पसंद करेंगे. उन्होंने स्विगी की शुरुआत का उदाहरण दिया. उनके मुताबिक, कंपनी की शुरुआत एक सामान्य समस्या से हुई थी.
रेस्टोरेंट से निकलने के बाद डिलीवरी पार्टनर कहां पहुंचा है, इसकी जानकारी ग्राहकों को नहीं मिलती थी. इसी समस्या को हल करने के लिए ट्रैकिंग सिस्टम बनाने का विचार आया. उस समय कंपनी ने यह नहीं सोचा था कि आगे चलकर क्विक कॉमर्स या इतने बड़े स्तर पर कारोबार होगा. उन्होंने कहा कि किसी भी स्टार्टअप के लिए पहले ग्राहकों की समस्या समझना और उसका समाधान देना जरूरी है. आगे की राह धीरे-धीरे बनती जाती है.
रोहित कपूर ने स्टार्टअप और बड़ी कंपनियों में काम करने के अंतर पर भी बात की. उन्होंने कहा कि दोनों जगह काम करने के लिए जरूरी बुनियादी खूबियां लगभग समान होती हैं, लेकिन काम का माहौल अलग हो सकता है. उनके मुताबिक, स्टार्टअप में कई बार पदों और हायरार्की का अंतर कम होता है. ऐसे में प्रदर्शन, प्रतिभा और काम के नतीजों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. लोग अपनी बात खुलकर रख सकते हैं और फैसलों में भागीदारी कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि करियर के शुरुआती दौर में किसी अच्छे स्टार्टअप में काम करने से सीखने की रफ्तार तेज हो सकती है. उनके अनुसार, वहां तीन-चार साल काम करने का अनुभव किसी दूसरी कंपनी में उससे ज्यादा समय तक काम करने जितना सीखने का अवसर दे सकता है.
रोहित कपूर से जब छोटे शहरों से आए युवाओं ने सवाल किया तो उनका जवाब यही था कि अब छोटे शहरों और बड़े शहरों के युवाओं के बीच अवसरों का अंतर पहले जैसा नहीं रह गया है. उनके मुताबिक, डिजिटल माध्यमों ने सीखने और जानकारी हासिल करने के रास्ते काफी हद तक खोल दिए हैं. आज भिलाई, रायपुर या किसी दूसरे छोटे शहर में बैठा युवा भी ऑनलाइन दुनिया के बेहतरीन संसाधनों का इस्तेमाल कर सकता है.
उन्होंने कहा कि छोटे शहरों से आने वाले युवाओं में आगे बढ़ने की भूख कई बार ज्यादा दिखाई देती है. क्रिकेट का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि पहले भारतीय क्रिकेट में बड़े शहरों का दबदबा ज्यादा दिखता था, लेकिन अब देश के अलग-अलग हिस्सों से खिलाड़ी सामने आ रहे हैं.
उन्होंने बड़े शहरों के युवाओं को भी सलाह दी कि वे छोटे शहरों से आने वाले टैलेंट को कम न आंकें. उनके मुताबिक, अब प्रतिभा किसी एक शहर तक सीमित नहीं है.
रोहित कपूर ने बताया कि वह खुद भी कई बार स्विगी के डिलीवरी पार्टनर के तौर पर ऑर्डर पहुंचा चुके हैं. इसे लेकर उन्होंने एक अनुभव साझा किया कि एक बार उनकी टीम को यह समझाना मुश्किल हो रहा था कि जनवरी में दिल्ली की सुबह 5 बजे डिलीवरी करना कितना चुनौतीपूर्ण हो सकता है. इसके बाद उन्होंने टीम के लोगों को सुबह जल्दी बुलाकर खुद डिलीवरी का अनुभव कराया. इससे टीम को डिलीवरी पार्टनर्स की मुश्किलें बेहतर तरीके से समझ आईं. उन्होंने कहा कि ऐसा अनुभव इंसान को विनम्र बनाता है और दूसरे के काम की मेहनत समझने में मदद करता है.
मास्टरक्लास के दौरान रोहित कपूर से पूछा गया कि क्या स्विगी में काम करने वाले कर्मचारी किसी दूसरी फूड डिलीवरी कंपनी से भी खाना ऑर्डर कर सकते हैं. इस पर उन्होंने कहा कि कंपनी की ऐसी कोई नीति नहीं है, जो कर्मचारियों को उनकी निजी पसंद के अनुसार ऑर्डर करने से रोके. उन्होंने कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों को वयस्क मानती है और उनकी निजी पसंद का सम्मान करती है. उन्होंने यह भी बताया कि स्विगी के ज्यादातर कर्मचारी स्विगी से ही ऑर्डर करते हैं, लेकिन दूसरी सेवाओं का इस्तेमाल करने पर कोई रोक नहीं है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या पढ़े-लिखे युवाओं के लिए भी स्विगी में अवसर हैं, तो रोहित कपूर ने कहा कि ऐसे अवसर पहले से मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि कंपनी में डिलीवरी से जुड़े काम के अलावा AI प्रोडक्ट मैनेजर और मार्केटिंग जैसे कई क्षेत्रों में भी प्रतिभाशाली लोगों की जरूरत होती है. कंपनी के विस्तार के साथ अलग-अलग तरह के टैलेंट के लिए अवसर बने रहेंगे.
कर्मचारियों के प्रदर्शन और प्रमोशन पर बात करते हुए रोहित कपूर ने कहा कि कंपनियों में कर्मचारियों की रेटिंग के साथ मैनेजर की रेटिंग भी अहम होनी चाहिए. उन्होंने बताया कि स्विगी में मैनेजर की रेटिंग को भी महत्व दिया जाता है. उनके मुताबिक, कई बार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद कम मैनेजर रेटिंग वाले कर्मचारियों को प्रमोशन नहीं मिलता, जब तक मैनेजमेंट इस मुद्दे पर ध्यान न दे.
मास्टरक्लास के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया, जब होस्ट ने रोहित कपूर के सामने ही स्विगी से एक गिफ्ट हैम्पर ऑर्डर करने का फैसला किया. होस्ट ने बताया कि पिछले सेशन में एक प्रतिभागी ने अच्छा सवाल पूछा था और वह उसे गिफ्ट देना चाहते थे लेकिन इसके लिए उन्होंने स्विगी से हैम्पर मंगवाने का फैसला किया ताकि सभी के सामने ऑर्डर और डिलीवरी का अनुभव भी देखा जा सके.
ऑर्डर करते समय ऐप पर करीब 25 मिनट का अनुमानित समय दिखा. हालांकि, पेमेंट में दिक्कत आने के कारण डिलीवरी में समय लगा. रोहित कपूर ने कहा कि उनके लिए डिलीवरी पार्टनर की सुरक्षा सबसे जरूरी है और अगर ऑर्डर पहुंचने में थोड़ा समय लगता है, तो इसमें कोई परेशानी नहीं है. सेशन के दौरान हैम्पर पहुंचा और होस्ट ने उसे ऑर्डर करने वाले प्रतिभागी को दे दिया.
