Tabu OTT Debut: जब थम गई थीं देश की सांसें, नेटफ्लिक्स ला रहा 'टनल मेन' की कहानी, ओटीटी पर तब्बू का होगा डेब्यू
तब्बू, YRF एंटरटेनमेंट की नेटफ्लिक्स सीरीज 'टनल मेन' में नजर आने वाली हैं. यह उनका पहला हिंदी ओरिजिनल स्ट्रीमिंग शो होगा. 'टनल मेन' एक काल्पनिक ड्रामा है, जो 2023 में उत्तराखंड टनल रेस्क्यू (सुरंग बचाव अभियान) की भावना से प्रेरित है.
नवंबर 2023 में, पूरा देश सांस थामे उस लंबे और कठिन बचाव अभियान को देख रहा था, जिसमें उत्तराखंड की एक ढही हुई सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था. 'टनल मेन' उसी पल की भावना को दिखाती है. इसमें शामिल लोगों का जज्बा, टीम वर्क और वह उम्मीद, जिसने उन्हें हार नहीं मानने दी.
हिंदी सिनेमा में तब्बू तब्बू का करियर तीन दशकों से भी ज्यादा लंबा है. वह मेनस्ट्रीम और स्वतंत्र (इंडिपेंडेंट) सिनेमा के साथ-साथ हिंदी और क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्मों में काम कर चुकी हैं. 'माचिस' और 'चांदनी बार' में उनके किरदारों के लिए उन्हें नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिले, जबकि 'मकबूल', 'हैदर' और 'अंधाधुन' में उन्होंने अपनी बेहतरीन एक्टिंग दिखाई.
उनके अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में एंग ली की 'लाइफ ऑफ पाई', मीरा नायर की 'द नेमसेक' (जिसमें उन्होंने आशिमा गांगुली का किरदार निभाया था) और 'ड्यून: प्रोफेसी' सीरीज शामिल हैं, जिसमें वह सिस्टर फ्रांसेस्का के रूप में नजर आईं.
'द रेलवे मेन' के डायरेक्टर शिव रवैल, 'टनल मेन' में शो-रनर के तौर पर वापसी कर रहे हैं. वे एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं पर आधारित अपनी कहानी कहने की शैली को साहस की एक नई कहानी के जरिए पेश करेंगे.
'टनल मेन' सौगत मुखर्जी का YRF एंटरटेनमेंट में 'हेड ऑफ कंटेंट' (CEO अक्षय विधानी) के तौर पर जुड़ने के बाद पहला प्रोजेक्ट है. एक अनुभवी कंटेंट एग्जीक्यूटिव के रूप में, मुखर्जी ने भारत की कई चर्चित सीरीज. जैसे 'स्कैम 1992', 'महारानी', 'तब्बर' और 'रॉकेट बॉयज़'के निर्माण की देखरेख की है. इसके अलावा, 'आर्या','रॉकेट बॉयज' और 'रियल कश्मीर फुटबॉल क्लब' को इंटरनेशनल एमी नॉमिनेशन भी मिले हैं.
'टनल मेन' नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी. इसके साथ ही, YRF एंटरटेनमेंट और नेटफ्लिक्स की वह क्रिएटिव पार्टनरशिप आगे बढ़ेगी, जिसकी शुरुआत 2023 में 'द रोमांटिक्स' के साथ हुई थी.

