दीपिंदर गोयल के Temple की भारत में बुकिंग शुरू, ₹85 हजार कीमत, दिमाग की एक्टिविटी करेगा ट्रैक!
फूड डिलीवरी कंपनी Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल अब एक नए गैजेट को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने अपना खास डिवाइस Temple भारत में पेश कर दिया है. इस डिवाइस की खास बात यह है कि इसे इंसान की सेहत और दिमाग से जुड़ी एक्टिविटी को ट्रैक करने के लिए तैयार किया गया है.
अब भारत में इसके प्री-ऑर्डर भी शुरू हो गए हैं. अगर आप भी इस डिवाइस को खरीदने का सोच रहे हैं, तो इसकी कीमत और फीचर्स के बारे में जानना जरूरी है.
टेंपल कोई आम स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड नहीं है. इसे खासतौर पर दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो और उससे जुड़े सिग्नल को ट्रैक करने के लिए बनाया गया है. यह डिवाइस सिर के एक तरफ, माथे और कान के बीच लगाया जाता है. इसमें ऑप्टिकल सेंसर दिए गए हैं, जो दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलाव को ट्रैक करते हैं. कंपनी इस टेक्नोलॉजी को BrainFlow कहती है.
यह भी पढ़ें: Jio Vs Starlink: जब भारत में लॉन्च होगी जियो और स्टारलिंक की सैटेलाइट सर्विस, कैसे करेगा काम?
इस डिवाइस में Entropy Score नाम का एक फीचर भी मिलता है. यह 1 से 250 के बीच स्कोर दिखाता है. इस स्कोर की मदद से यूजर अपने शरीर पर पड़ने वाले तनाव को समझ सकता है. इसमें नींद, एक्सरसाइज, स्ट्रेस और कैफीन जैसी चीजों का असर भी शामिल हो सकता है.
टेंपल को सिर पर लगाने के लिए किसी स्ट्रैप की जरूरत नहीं होती. इसे Grips नाम के खास चिपकने वाले टेप से लगाया जाता है. कंपनी के मुताबिक, इसे रनिंग, स्विमिंग और नहाते समय भी पहना जा सकता है. यह चश्मा लगाने वाले लोगों के लिए भी डिजाइन किया गया है.
टेंपल की कीमत भारत में 85,000 रुपये रखी गई है. इसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल है. भारत में इसकी प्री-ऑर्डर विंडो 1 नवंबर को रात 9:30 बजे खुलेगी. यूजर टेंपल की ऐप या ऑफिशियल वेबसाइट temple.com पर जाकर इसे बुक कर सकते हैं.
कंपनी के मुताबिक, हर डिवाइस ऑर्डर मिलने के बाद तैयार किया जाएगा. ऐसे में डिलीवरी में करीब तीन महीने का समय लग सकता है. खास बात है कि डिवाइस शिप होने से पहले यूजर रिफंड की रिक्वेस्ट भी कर सकते हैं.
टेंपल को True Gold, Rose Gold, Black Mirror, Real Jade, Deep Blue और Purple Funk जैसे 6 कलर ऑप्शन में पेश किया गया है. हालांकि, एक बात ध्यान देने वाली है कि टेंपल को मेडिकल जांच या बीमारी का पता लगाने वाला डिवाइस नहीं बताया गया है.
इसे वेलनेस और रिसर्च के लिए बनाया गया है. यानी यह स्मार्टवॉच से अलग तरह का गैजेट है, लेकिन इसे खरीदने से पहले इसके फीचर्स और इस्तेमाल को अच्छी तरह समझना जरूरी है.

