UPSC की परीक्षा में नहीं लिखा एक भी जवाब, फिर भी गिना जाएगा अटेम्प्ट! क्या कहते हैं नियम?
UPSC सिविल सेवा परीक्षाा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए हर एक अटेम्प्ट बहुत कीमती होता है. कई युवा सालों तक तैयारी करते हैं और कोशिश करते हैं कि उनका एक भी मौका बेकार न जाए लेकिन क्या आप जानते हैं कि UPSC प्रीलिम्स में अगर आप एक भी सवाल का जवाब नहीं लिखते हैं, तब भी आपका अटेम्प्ट गिना जा सकता है?
इसे लेकर छात्रों को लगता है कि उन्होंने तो पेपर में एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया था, फिर कैसे उनका एक अटेम्प्ट वेस्ट हो गया? तो बता दें कि संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के नियमों के मुताबिक, अगर कोई उम्मीदवार प्रीलिम्स के किसी एक पेपर में भी उपस्थित होता है, तो उसका एक अटेम्प्ट माना जाएगा.
UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, सिविल सेवा परीक्षा के प्रीलिम्स में किसी एक पेपर में उपस्थित होना भी एक अटेम्प्ट माना जाता है यानी उम्मीदवार चाहे एक सवाल का जवाब दे या सभी सवाल खाली छोड़ दे, अगर वह परीक्षा में मौजूद है, तो उसका मौका गिना जाएगा. इतना ही नहीं, अगर उम्मीदवार बाद में किसी वजह से अयोग्य घोषित हो जाता है या उसकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाती है, तब भी परीक्षा में उपस्थित होने का अटेम्प्ट ही गिना जाएगा.
अगर किसी उम्मीदवार ने UPSC प्रीलिम्स के लिए आवेदन किया है, एडमिट कार्ड भी डाउनलोड कर लिया है लेकिन परीक्षा हॉल में पेपर देने के लिए शामिल नहीं हुए हैं, तो उसका अटेम्प्ट नहीं गिना जाएगा. आयोग के नियमों के मुताबिक, कम से कम एक पेपर में उपस्थित होना जरूरी है.
UPSC सिविल सेवा परीक्षा में अलग-अलग वर्गों के उम्मीदवारों के लिए अटेम्प्ट की संख्या तय है.
ध्यान रखें कि अटेम्प्ट की संख्या के साथ उम्मीदवारों को निर्धारित अधिकतम आयु सीमा का भी पालन करना अनिवार्य है.

