VIDEO: एशिया कप से पहले पाकिस्तानी कप्तान के साथ केक काटते दिखे तिलक वर्मा, अब मैदान पर होगी असली अग्नि परीक्षा
क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान के बीच का मुकाबला हमेशा से रोमांच और तनाव से भरा होता है. दोनों देशों के बीच की राइवलरी किसी से छिपी नहीं है. सितंबर 2025 के एशिया कप के दौरान तो यह विवाद तब और गहरा गया था जब भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने तक से इनकार कर दिया था.
उस समय के भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ किया था कि यह फैसला बीसीसीआई और भारत सरकार के निर्देशों के तहत लिया गया था, जिसकी पृष्ठभूमि में 2025 का पहलगाम आतंकी हमला और ऑपरेशन सिंदूर जैसी संवेदनशील घटनाएं थीं.
इसके अलावा हाल ही में अंडर-19 टीम ने भी पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था और जीत के बाद दूरी बनाए रखते हुए हाथ तक नहीं मिलाए थे. लेकिन इन सबके बीच कतर में होने वाले 'राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026' से पहले एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसने क्रिकेट गलियारों में नई बहस छेड़ दी है.
भारत 'ए' टीम की कमान संभाल रहे युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा टूर्नामेंट से पहले आयोजित एक ऑफिशियल फोटोशूट के दौरान पाकिस्तानी कप्तान और अन्य टीमों के कप्तानों के साथ हंसते-मुस्कुराते नजर आए.
Tilak Varma and all other Asia captain cutting cake during the captain's press conference for ACC men's Asia Cup rising stars.🇮🇳❤️ https://t.co/EAbEfU7R9b
कतर में आयोजित इस स्पेशल फोटोशूट के दौरान सभी भाग लेने वाली टीमों के कप्तान एक मंच पर इकट्ठा हुए थे. खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए एक केक-कटिंग सेरेमनी रखी गई, जिसमें भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने अन्य कप्तानों के साथ मिलकर हंसी-खुशी से केक काटा और कैमरे के सामने पोज दिए.
TROPHY UNVEILING CEREMONY OF THE RISING STARS ASIA CUP 2026 - QATAR!!! PSL management really needs to look at this and learn how to organise a captains' press conference and trophy unveiling in big 2026-27. https://t.co/xapOAJTyoE
जैसे ही यह वीडियो और तस्वीरें सामने आईं, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया. एक तरफ जहां फैन्स सीनियर टीम और अंडर-19 टीम के सख्त रुख को याद कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस दोस्ताना माहौल को देखकर लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या खेल के मैदान से बाहर की कड़वाहट को इस तरह नजरअंदाज किया जाना चाहिए?
भले ही फोटोशूट के दौरान दोनों टीमों के कप्तान एक साथ खुश नजर आए हों, लेकिन जब ये टीमें कतर के मैदान पर उतरेंगी तो माहौल पूरी तरह से बदला हुआ होगा. भारत 'ए' टीम के कप्तान के तौर पर तिलक वर्मा के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी है. टीम में कई होनहार युवा खिलाड़ी हैं जो इस मंच पर शानदार प्रदर्शन कर सीनियर टीम में अपनी जगह पक्की करना चाहते हैं
