गमगीन होने की एक्टिंग और कई रीटेक... अलवर के अस्पताल में नंगे पैर युवती ने बनाई रील-VIDEO

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू पाने की चाहत में युवा अब ऐसी जगहों पर भी रील बनाने से पीछे नहीं हट रहे, जहां लोगों की जिंदगी बचाने की कोशिश चल रही होती है. राजस्थान के अलवर स्थित राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक युवती ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रील शूट की. इतना...

सोशल मीडिया पर लाइक और व्यू पाने की चाहत में युवा अब ऐसी जगहों पर भी रील बनाने से पीछे नहीं हट रहे, जहां लोगों की जिंदगी बचाने की कोशिश चल रही होती है. राजस्थान के अलवर स्थित राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में एक युवती ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर रील शूट की. इतना ही नहीं, युवती ने गमगीन होने की एक्टिंग करते हुए कई बार रीटेक भी किए. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और सुरक्षा गार्डों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

दरअसल, यह पूरा मामला मंगलवार रात करीब 9 बजे का बताया जा रहा है. युवती दो युवकों के साथ अस्पताल पहुंची थी. इसके बाद तीनों ने ट्रॉमा सेंटर से लेकर ऑब्जर्वेशन वार्ड तक मोबाइल से वीडियो शूट किया. सामने आए वीडियो में युवती ट्रॉमा सेंटर के बाहर से नंगे पैर दौड़ते हुए अंदर जाती दिखाई दे रही है.

यह भी पढ़ें: करोड़ों का कर्ज, शराब की लत... अलवर में व्यापारी की जलाशय में मौत, VIDEO आया सामने

इसके बाद वह अस्पताल के ऑब्जर्वेशन वार्ड तक पहुंचती है और वहां गमगीन होने की एक्टिंग करने लगती है. इस दौरान उसके साथ आए दोनों युवक मोबाइल से उसकी रिकॉर्डिंग करते रहे. बताया जा रहा है कि बेहतर वीडियो बनाने के लिए युवती ने कई बार अलग-अलग अंदाज में रीटेक भी किए.

हैरानी की बात यह है कि अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और ऑब्जर्वेशन वार्ड जैसे संवेदनशील स्थानों पर खुलेआम शूटिंग होती रही, लेकिन मौके पर मौजूद किसी कर्मचारी ने युवती और उसके साथियों को रोकने की कोशिश नहीं की. जिस जगह गंभीर मरीजों का इलाज और निगरानी की जाती है, वहां इस तरह रील बनाने को लेकर अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन को इसकी जानकारी मिली. मामला सामने आते ही अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लिया और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी.

राजीव गांधी सामान्य अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (PMO) डॉ. पीसी सैनी ने ट्रॉमा सेंटर प्रभारी राकेश नधहेडिया से मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है. साथ ही घटना के समय ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

पीएमओ डॉ. पीसी सैनी ने मामले में कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों की एक दिन की सैलरी रोकने के आदेश दिए हैं. दोनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है. अस्पताल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि संवेदनशील वार्ड में बाहरी लोगों को मोबाइल से शूटिंग करने की अनुमति कैसे मिली.

पीएमओ ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर और वार्ड के अंदर रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आया है. मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए युवा आए दिन अलग-अलग जगहों पर रील बनाते हैं. कई बार खतरनाक स्टंट के दौरान जान तक चली जाती है. इसके बावजूद लाइक और व्यू की चाहत में इस तरह की गतिविधियां जारी हैं. अलवर के सरकारी अस्पताल में हुई यह घटना भी इसी प्रवृत्ति पर सवाल खड़े करती है.

Original Source
https://www.aajtak.in/rajasthan/story/alwar-government-hospital-trauma-centre-girl-reel-video-security-guards-action-lclcn-strc-2700046-2026-11-18?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World