ट्रंप ने दिखाया बाइडेन का ऑटो-पेन तो खिलखिला उठे जिनपिंग... दिलचस्प VIDEO
व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच गंभीर कूटनीतिक बातचीत चल रही थी. लेकिन इसी दौरान एक ऐसा हल्का-फुल्का पल आया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया. ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन पर तंज कसते हुए एक मजाक किया और शी जिनपिंग खुलकर हंस पड़े. खास बात यह रही कि शी आम तौर पर सार्वजनिक मंचों पर बेहद संयमित नजर आते हैं और उन्हें इस तरह खुलकर हंसते कम ही देखा जाता है.
मीडिया रिपोर्ट्स और व्हाइट हाउस की तरफ से साझा किए गए आधिकारिक वीडियो के मुताबिक, यह पूरा वाकया कोलनेड के पास हुआ. उस वक्त ट्रंप, शी जिनपिंग को नए तरीके से तैयार किए गए प्रेजिडेंशियल वॉक ऑफ फेम का दौरा करा रहे थे. यह दौरा वॉशिंगटन की 10 साल से ज्यादा समय में उनकी पहली राजकीय यात्रा के दौरान हुआ.
यह भी पढ़ें: जिनपिंग को दिखाया 50 करोड़ का हेलीपैड, B2 बॉम्बर से सलामी... ट्रंप का शोऑफ!
इस मजाक की पूरी कहानी उस डिस्प्ले से शुरू हुई, जिसे ट्रंप ने जो बाइडेन की पारंपरिक तस्वीर की जगह लगवाया था. यहां एक फ्रेम में ऑटो-पेन की तस्वीर लगाई गई थी. ऑटो-पेन एक ऐसी मशीन है, जिसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति के हस्ताक्षर की नकल करने के लिए किया जाता है.
ट्रंप पहले भी इस डिस्प्ले का इस्तेमाल बाइडेन पर निशाना साधने के लिए करते रहे हैं. वह बिना सबूत ऐसे दावे करते रहे हैं कि बाइडेन के स्टाफ ने उनकी सीधी जानकारी के बिना ऑटो-पेन के जरिए सरकारी फैसलों पर हस्ताक्षर किए.
The Presidential Walk of Fame has arrived on the West Wing Colonnade Wait for it… 🖊️👀 pic.twitter.com/ApWfdxfFQa
वीडियो में ट्रंप पहले अपने दो फोटो की तरफ इशारा करते हैं, जो उनके अलग-अलग राष्ट्रपति कार्यकाल को दिखाते हैं. इसके बाद वह दोनों तस्वीरों के बीच लगे ऑटो-पेन वाले डिस्प्ले की तरफ इशारा करते हैं और शी जिनपिंग से कहते हैं, "यह ऑटो-पेन है... यह बाइडेन हैं." बस फिर क्या था. शी जिनपिंग जोर से हंस पड़े. उनके साथ मौजूद चीनी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भी तुरंत हंसने लगे. इस दौरान ट्रंप ने हल्के अंदाज में शी जिनपिंग के हाथ पर थपकी भी दी.
यह भी पढ़ें: क्या सच में ट्रंप की हत्या करना चाहता है ईरान? राष्ट्रपति पेजेशकियान ने दिया ये जवाब
एक दूसरे वीडियो में ट्रंप जिनपिंग से भी मजाक करते नजर आए, जब उन्होंने जिनपिंग और अपनी फोटो फ्रेम की तरफ इशारा करते हुए पूछा, "वो कौन हैं, मैं पहचान नहीं पा रहा."
President Trump gave Xi a full tour of the White House, showing portraits of them together on the wall “Who is that? I don’t recognize him.” 😆 pic.twitter.com/Eu5tn4r98s
ट्रंप और जिनपिंग के बीच यह हल्का-फुल्का पल उस बहु-दिवसीय यात्रा के दौरान सामने आया, जिसमें AI, व्यापार और आर्थिक रिश्तों जैसे बड़े मुद्दों पर बातचीत हो रही है. लेकिन कैमरे में कैद जिनपिंग की हंसी ने इस मुलाकात का एक अलग ही पहलू सामने ला दिया.
वीडियो वायरल होने के बाद ऑनलाइन इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने जिनपिंग की हंसी को चीनी नेताओं की आम सार्वजनिक गंभीरता से अलग बताया. वहीं, ट्रंप के राजनीतिक विरोधियों ने एक विदेशी प्रतिद्वंद्वी के सामने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति का इस तरह सार्वजनिक मजाक उड़ाने को अनुचित बताया.


