शीशे तोड़े, अंडे फेंके... ममता की रैली में शामिल होने जा रहे कुणाल घोष की कार पर हमला, VIDEO
पश्चिम बंगाल के हुगली में TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर हमले की खबर सामने आई है. घटना उत्तरपाड़ा इलाके में उस समय हुई, जब घोष श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे. जानकारी के मुताबिक, रास्ते में कुछ लोगों ने कुणाल घोष की कार को घेर लिया और उन्हें काले झंडे दिखाए. इस दौरान कार पर अंडे भी फेंके गए. हमले में गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया. हालांकि इस घटना में कुणाल घोष को चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई है.
कुणाल घोष पश्चिम बंगाल की बेलियाघाटा विधानसभा सीट से TMC विधायक हैं और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हैं. कार पर हमला करने और उसे घेरने वाले लोग कौन थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है. हमलावरों की पहचान को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मामले में पुलिस की कार्रवाई के साथ ही कुणाल घोष और TMC की विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है.
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि कुणाल घोष अपनी कार से जा रहे हैं. रास्ते में उनकी कार को काले झंडे लिए कुछ लोगों का ग्रुप घेर लेता है. वह कार के बोनट और शीशे पर हाथ पटकते दिख रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग काले झंडे लहराते हुए नारेबाजी करते दिख रहे हैं.
इसके बाद उग्र लोग कार पर लगातार पत्थर और अंडे बरसाने लगते हैं. इसमें उनकी कार के पीछे का शीशा टूट गया.
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल घोष ने इसे 'जंगलराज' करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उनकी कार पर पत्थर और अंडे फेंके और सड़क भी जाम कर दी. घोष ने दावा किया कि घटना के दौरान मौके पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था. कुणाल घोष ने कहा कि वह अब कोलकाता लौट रहे हैं और घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए सीधे लाल बाजार या भवानी भवन जाएंगे. उन्होंने दावा किया कि हमले में उनकी कार का पिछला शीशा टूट गया है.
TMC ने BJP पर लगाया आरोप घटना के बाद पश्चिम बंगाल में सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गया. TMC नेताओं ने हमले के पीछे BJP का हाथ होने का आरोप लगाया है. तृणमूल नेता असित मजूमदार ने दावा किया कि यह आम लोगों का विरोध नहीं, बल्कि BJP की ओर से किया गया 'पूर्व नियोजित हमला' था. वहीं BJP ने TMC के आरोपों को खारिज किया है. उत्तरपाड़ा से BJP विधायक दीपनजन चक्रवर्ती ने घटना को जनता की 'स्वाभाविक प्रतिक्रिया' बताया. फिलहाल हमले में शामिल लोगों की पहचान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. TMC और BJP दोनों की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.


