'सांसद जी, बसपा जॉइन कर ली क्या?' रवि किशन को पार्षद ने सुनाई खरी-खरी-VIDEO

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार दोपहर बारिश ने शहर की चाल बदल दी. तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश अचानक तेज हुई तो कई इलाकों में पानी भर गया. सड़कें डूब गईं, गलियों में पानी जमा हो गया. कई घरों और दुकानों तक भी पानी पहुंच गया. इसी बीच बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रि...

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में शनिवार दोपहर बारिश ने शहर की चाल बदल दी. तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश अचानक तेज हुई तो कई इलाकों में पानी भर गया. सड़कें डूब गईं, गलियों में पानी जमा हो गया. कई घरों और दुकानों तक भी पानी पहुंच गया. इसी बीच बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने गोरखपुर के सांसद रवि किशन को फोन किया. मकसद था शहर की हालत बताना. मगर फोन पर बात जलनिकासी से शुरू हुई और सियासी तंज तक पहुंच गई.

बातचीत के दौरान रवि किशन ने पार्षद से पूछ लिया कि 'सपा जॉइन कई लिहला का?' पार्षद ने भी सवाल अपने पास नहीं रखा. जवाब में बोले कि 'सांसद जी, बसपा जॉइन कर ली क्या?' इसके बाद दोनों के बीच हुई यह बातचीत चर्चा में आ गई.

बारिश के बाद गोरखपुर के कई हिस्सों में पानी भर गया था. विश्वजीत त्रिपाठी ने इसी समस्या को लेकर रवि किशन से संपर्क किया. वह शहर की स्थिति बता रहे थे. उनका कहना था कि लोगों को जलभराव की वजह से परेशानी हो रही है. इसी दौरान बातचीत का रुख बदल गया. रवि किशन की तरफ से पार्षद से सपा में शामिल होने को लेकर सवाल किया गया. इस पर विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि वह शहर की समस्या बता रहे हैं, ऐसे में पार्टी की बात क्यों की जा रही है.

विश्वजीत यहीं नहीं रुके. उन्होंने रवि किशन से ही पूछ लिया कि क्या उन्होंने बसपा जॉइन कर ली है. यानी जिस फोन कॉल में शहर के पानी की समस्या पर बात होनी थी, उसमें दोनों तरफ से पार्टी को लेकर कटाक्ष होने लगा. इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है. इसमें सपा जॉइन करने वाले सवाल से लेकर पार्षद के जवाब तक की बात सुनाई देती है.

विश्वजीत त्रिपाठी पहले सपा के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीत चुके हैं. बाद में उन्होंने बीजेपी जॉइन कर ली थी. ऐसे में बातचीत के दौरान सपा का नाम आने के पीछे उनकी पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि भी जुड़ जाती है. यही वजह है कि पार्षद ने जवाब में बसपा का नाम लेकर पलटवार किया. बातचीत का यह हिस्सा अब इस पूरे मामले का सबसे चर्चित हिस्सा बन गया है.

इस मामले से जुड़ा एक वीडियो विश्वजीत त्रिपाठी की तरफ से सामने आया है. इसमें वह रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े दिखाई दे रहे हैं. उनका कहना है कि बातचीत के दौरान रवि किशन भी अपनी लोकेशन वहीं बता रहे थे. पार्षद ने वीडियो में सवाल उठाया कि अगर सांसद भी वहीं मौजूद हैं तो वह दिखाई क्यों नहीं दे रहे.

इस बीच रवि किशन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गोरखपुर में जलभराव को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों से लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कों पर पोटहोल्स (सड़क पर बने गड्ढे) के साथ जलभराव की स्थिति बनी हुई है. उनके मुताबिक, नगर निगम की टीमें मौके पर काम कर रही हैं और पोटहोल्स को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत की जा रही है.

रवि किशन ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि उन्होंने महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के साथ तारामंडल स्थित गोरक्ष एन्क्लेव के पास जलभराव की स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों और नगर निगम की टीम को जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरी कार्रवाई की जा रही है.

इस पूरे घटनाक्रम में एक तरफ बारिश के बाद शहर में जलनिकासी की समस्या दिखी, दूसरी तरफ जनप्रतिनिधियों के बीच फोन पर हुई यह सियासी नोकझोंक चर्चा में आ गई.

Original Source
https://www.aajtak.in/uttar-pradesh/story/ravi-kishan-vishwajeet-tripathi-phone-call-gorakhpur-rain-flooding-ntc-dhrj-rpti-2654205-2026-09-27?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World