डॉक्टर के घर से चुराए करोड़ों, फिर खरीद ली XUV... ऐसे खुला चोरी का राज

Direct Source Verification: This story is aggregated from India Today (indiatoday.in). Full reporting rights and copyright belong to the primary publisher.
छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक डॉक्टर के सूने मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की वारदात ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. चोरों ने घर से नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी किए और फिर लाखों रुपये जमीन के अंदर गाड़कर छिपा दिए. दुर्ग पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी के बाद चोरी ...

छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक डॉक्टर के सूने मकान में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की वारदात ने पुलिस को भी हैरान कर दिया. चोरों ने घर से नकदी और सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी किए और फिर लाखों रुपये जमीन के अंदर गाड़कर छिपा दिए. दुर्ग पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी के बाद चोरी के इस मामले का खुलासा करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उत्तर प्रदेश के भदोही में जमीन की खुदाई कर 47 लाख 64 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण बरामद किए हैं. चोरी की रकम से खरीदी गई कार और बाइक भी जब्त की गई हैं. हालांकि, गिरोह का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अभी फरार है.

एक सप्ताह तक सूना था डॉक्टर का मकान पुलिस के मुताबिक, चोरी की यह वारदात दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सुंदर नगर में हुई. यहां रहने वाली डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं. करीब एक सप्ताह बाद 23 अक्टूबर की सुबह जब परिवार लौटा तो घर का सामान बिखरा मिला. अलमारी में रखी नकदी और सोने, चांदी व डायमंड के आभूषण गायब थे. इसके बाद डॉक्टर ने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

करीब एक करोड़ रुपये की चोरी की जांच के लिए वैशाली नगर थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीमें बनाई गईं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू हुई. जांच में संदिग्धों की लोकेशन महाराष्ट्र के नागपुर और गोंदिया से लेकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक मिली. इसके बाद पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग राज्यों में दबिश देती रहीं.

जमीन के अंदर छिपाए थे लाखों रुपये पुलिस को उत्तर प्रदेश के भदोही में बड़ी कामयाबी मिली. यहां आरोपी प्रदीप कुमार चौधरी ने चोरी की रकम और आभूषण अपने घर के आंगन में जमीन के नीचे छिपा रखे थे. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने खुदाई कर लाखों रुपये नकद और गहने बरामद किए. पुलिस ने कुल 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान जब्त किया है.

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की रकम का इस्तेमाल निजी खर्चों और वाहन खरीदने में किया था. पुलिस ने चोरी के पैसों से खरीदी गई एक एक्सयूवी कार और सुपर स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है. इसके अलावा आरोपियों के इस्तेमाल में रही इनोवा गाड़ी को भी जब्त किया गया है.

चोरी के गहने खरीदने वाला ज्वेलर्स भी गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्यों ने चोरी किए गए कुछ सोने के आभूषण भदोही के एक ज्वेलर्स को कम कीमत पर बेच दिए थे. आरोप है कि कुछ गहनों को गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश भी की गई. पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को भी गिरफ्तार किया है.

एएसपी शोभराज अग्रवाल के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि गिरोह के कुछ सदस्य चोरी की रकम इनोवा गाड़ी से दूसरी जगह भेजने की तैयारी कर रहे हैं. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तड़के करीब 3 बजे आरोपियों को पकड़ लिया. इस मामले में प्रदीप कुमार चौधरी, सुजीत सिंह, सोनू जायसवाल समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अभी फरार है. उसकी तलाश के लिए पुलिस की आठ टीमें जुटी हुई हैं.  

Original Source
https://www.aajtak.in/india/chhattisgarh/story/bhilai-doctor-house-theft-one-crore-47-lakh-cash-recovered-under-land-9-arrested-lcly-strc-2685721-2026-11-01?utm_source=rss
Visit India Today ↗
SHARE STORY:
𝕏 f in

Related Coverage in World